UP Police Exam : आरक्षी भर्ती परीक्षा में 75.15 फीसदी अभ्यर्थी हुए शामिल, भ्रामक सूचना फैलाने पर तीन लोगों के खिलाफ FIR

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

यूपी पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की ओर से 32,679 आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा सोमवार को प्रदेश के 75 जिलों के 1,183 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।

लखनऊ, अमृत विचारः यूपी पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की ओर से 32,679 आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा सोमवार को प्रदेश के 75 जिलों के 1,183 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। बोर्ड अधिकारियों के मुताबिक, 8 जून को दोनों पालियों की परीक्षा के लिए कुल 9,62,832 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था, जिनमें से 7,23,540 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। इस प्रकार उपस्थिति 75.15 प्रतिशत दर्ज की गई।

सोशल मीडिया पर अफवाहों के खिलाफ तीन एफआईआर

अधिकारियों के मुताबिक, परीक्षा अवधि के दौरान पेपर लीक संबंधी भ्रामक सूचनाएं फैलाने और अनुचित साधनों के प्रयोग से जुड़े पांच मामलों में मुकदमे दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू की गई है। बोर्ड ने बताया कि 6 जून को टेलीग्राम चैनल "यूपीपी एक्जाम पेपर " के खिलाफ लखनऊ के हुसैनगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया। आरोप है कि चैनल के माध्यम से परीक्षा से संबंधित भ्रामक और गुमराह करने वाली सामग्री प्रसारित की जा रही थी।

इसी क्रम में 8 जून को इंस्टाग्राम अकाउंट "यूपी पुलिस लीक" के खिलाफ भी हुसैनगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया। आजमगढ़ में इंस्टाग्राम उपयोगकर्ता आशुतोष कुमार मौर्य के खिलाफ भी परीक्षा से जुड़ी भ्रामक सूचना प्रसारित करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

दो परीक्षार्थियों पर भी कार्रवाई

दो परीक्षार्थियों के पास मोबाइल फोन मिलने पर कार्रवाई की गई। हापुड़ जिले के सर्वोदय इंटर कॉलेज, पिलखुवा में परीक्षा दे रहे एक अभ्यर्थी के पास जांच के दौरान मोबाइल फोन मिलने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। अभ्यर्थी के शौचालय जाने और वापस लौटने में विलंब होने पर संदेह के आधार पर उसकी जांच की गई थी।

गोरखपुर के नीना थापा इंटर कॉलेज में परीक्षा दे रहे एक अभ्यर्थी को परीक्षा कक्ष में मोबाइल फोन का प्रयोग करते हुए पकड़ा गया। पुलिस ने मोबाइल बरामद कर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। बोर्ड ने कहा कि सिपाही भर्ती परीक्षा 9 और 10 जून को भी प्रदेशभर में कड़े सुरक्षा प्रबंधों और निगरानी व्यवस्था के बीच आयोजित की जाएगी।

संबंधित समाचार