Bareilly News : धार्मिक जुलूस में लगे पाकिस्तान के समर्थन में नारे, विवाद
हाफिजगंज क्षेत्र के गांव खाईखेड़ा में सामने आया मामला
बरेली, अमृत विचार। त्यौहारों के समय में एक बार फिर जिले का माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गई है। थाना हाफिजगंज क्षेत्र में धार्मिक जुलूस के दौरान खुलेआम पाकिस्तान के समर्थन में नारेबाजी की गई। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही हिन्दू संगठन गुस्से में आ गए और केस दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कड़े एक्शन की मांग उठाई। शिकायत पर तुरंत हरकत में आई पुलिस तेजी से जांच में जुटी दिखाई दे रही हे।
शिकायत में कहा गया है कि रविवार शाम हाफिजगंज क्षेत्र के खाईखेड़ा में एक समुदाय के लोग धार्मिक जुलूस निकाल रहे थे। इस दौरान खुलेआम पाकिस्तान के समर्थन में नारेबाजी की गई। संवेदनशील गांव में इस तरह की खुराफात से माहौल खराब हो सकता था। मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा। जानकारी होते ही हिन्दू जागरण मंच (युवा) जिलाध्यक्ष हिमांशु पटेल ने एक्स के जरिए पुलिस के आला अफसरों से शिकायत की। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के समर्थन में नारेबाजी कर बरेली का माहौल बिगाड़ने की साजिश की गई है। दोषियों के खिलाफ तुरंत कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। वायरल वीडियो पर सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखी जा रही हैं। हर तरफ से कार्रवाई की मांग उठ रही है। एसपी उत्तरी मुकेश मिश्रा ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच कराई जा रही है। तथ्य सामने आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वीडियो कब का है और उसमें दिखाई देने वाले लोग कौन हैं ?
सदर कैंट में भी हो चुकी ऐसी खुराफात
पाकिस्तान के समर्थन में नारेबाजी का मामला कुछ माह पहले सदर कैंट में भी सामने आया था। युवाओं की टोली के बीच ऐसी खुराफात हुई थी कि हिन्दू संगठन आक्रोशित हो गए थे। शिकायत पर पुलिस ने मामले में कार्रवाई भी की थी। अब वैसा ही मामला देहात क्षेत्र में सामने आने से फिर गुस्सा देखा जा रहा है।
