बांदा सड़क हादसा : अज्ञात वाहन से टकराई बाइक, तीन युवकों की मौत

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

बांदा। उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा बदौसा थाना क्षेत्र में हुआ, जहां उनकी मोटरसाइकिल एक अज्ञात वाहन से टकरा गई। जानकारी के अनुसार, बिसंडा थाना क्षेत्र के कोरारी गांव निवासी संजय (30), रामबाबू पटेल (35) और जनवारा गांव निवासी अरविंद रैकवार (35) एक ही मोटरसाइकिल से चित्रकूट की ओर जा रहे थे।

इसी दौरान रास्ते में उनकी बाइक सामने जा रहे अज्ञात वाहन से टकरा गई, जिससे तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में संजय और अरविंद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रामबाबू गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल चित्रकूट के शिवरामपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया।

पुलिस क्षेत्राधिकारी सदर सौरभ सिंह ने बताया कि दुर्घटना अज्ञात वाहन की टक्कर से हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और वाहन की तलाश की जा रही है। हादसे के बाद मृतकों के गांवों में शोक की लहर दौड़ गई है।

संबंधित समाचार