फिरोजाबाद ऑनर किलिंग : पिता ने बेटी को कुल्हाड़ी से काटा, बचाने आई मां पर भी किया प्रहार, जानें पूरी मामला
फिरोजाबाद। फिरोजाबाद जिले के थाना वसई मोहम्मदपुर क्षेत्र में ऑनर किलिंग के एक मामले में बेटी के आचरण से परेशान पिता ने बेटी की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। बेटी के बचाव के लिए बीच में आई उसकी मां भी गंभीर रूप से घायल हो गई है जिसका उपचार आगरा में जारी है। आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने सोमवार को बताया कि बसई में मोहम्मदपुर क्षेत्र के गांव सोफीपुर नीलकंठ कॉलोनी निवासी राकेश राठौर ने रविवार रात अपनी बेटी मुस्कान (19) को कुल्हाड़ी प्रहार कर काट डाला। बेटी को बचाने के प्रयास में उसकी मां पुष्पा देवी भी गंभीर रूप से घायल हो गई। शोर सुनकर मोहल्ले के लोग भी एकत्रित हो गए।
सूचना पर थाना पुलिस के साथ ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लॉग्है और अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अनुज चौधरी भी पहुंच गए। फॉरेंसिक टीम के साथ ही घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किए गए। मुस्कान के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, वहीं गंभीर रूप से घायल पुष्पा देवी को उपचार के लिए आगरा रेफर कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी राकेश राठौर को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसकी निशान देही पर हत्या में प्रयोग की गई कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई है।
बेटी से काफी नाराज था पिता, परिवार में मचा था विवाद
पुलिस की जानकारी के अनुसार राकेश राठौर अपनी बेटी से काफी नाराज था क्योंकि पहले किसी के साथ घर छोड़कर चली गई थी। आने पर परिवार में विवाद के बाद आक्रोशित राकेश द्वारा यह कदम उठाया गया अपनी बेटी के बचाव में आई पुष्पा देवी भी आक्रोश का शिकार हुई है। आरोपी राकेश के बेटे अजय की तहरीर के आधार पर पुलिस ने राकेश को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
