Sultanpur News : कार्यकर्ता समागम में बोलीं अनुप्रिया पटेल- जातीय जनगणना से पिछड़े वर्गों के विकास को मिलेगी नई दिशा
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री तथा अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल ने कहा है कि जातीय जनगणना के जरिए विभिन्न समुदायों की वास्तविक आबादी के अधिकृत आंकड़े सामने आएंगे, जिससे सामाजिक और आर्थिक रूप से पिछड़े वर्गों के लिए प्रभावी नीतियां बनाने में मदद मिलेगी।
सुलतानपुर, अमृत विचार। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री तथा अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल ने कहा है कि जातीय जनगणना के जरिए विभिन्न समुदायों की वास्तविक आबादी के अधिकृत आंकड़े सामने आएंगे, जिससे सामाजिक और आर्थिक रूप से पिछड़े वर्गों के लिए प्रभावी नीतियां बनाने में मदद मिलेगी।
सुलतानपुर में आयोजित एक कार्यकर्ता समागम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि देश में जातीय जनगणना की प्रक्रिया चल रही है, जो 1931 के बाद पहली बार विभिन्न जातियों की वास्तविक जनसंख्या के आधिकारिक आंकड़े उपलब्ध कराएगी। उनके अनुसार, इन आंकड़ों के आधार पर सरकार विकास योजनाओं और नीतियों को अधिक सटीक रूप से तैयार कर सकेगी।
करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़ा है राम मंदिर
अयोध्या स्थित राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़ी चोरी के सवाल पर अनुप्रिया पटेल ने इसे गंभीर मामला बताया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने तुरंत संज्ञान लेते हुए एसआईटी का गठन किया है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि राम मंदिर करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़ा है और वहां हुई कोई भी आपराधिक घटना अस्वीकार्य है।
राजनीतिक दलों से की मर्यादा बनाए रखने की अपील
समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव की पुत्री को लेकर सोशल मीडिया पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से मर्यादा बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन व्यक्तिगत और पारिवारिक स्तर पर अभद्र टिप्पणियां स्वीकार नहीं की जा सकतीं। उन्होंने कहा कि “हर बेटी समाज की साझा जिम्मेदारी है” और उसे राजनीतिक विवादों से दूर रखा जाना चाहिए।
सफल नहीं होगा सपा-कांग्रेस के गठबंधन पर
समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के संभावित गठबंधन को लेकर पूछे गए सवाल पर अनुप्रिया पटेल ने कहा कि जनता ऐसे प्रयोग पहले भी देख चुकी है और यह कोई नया राजनीतिक प्रयोग नहीं है। उन्होंने दावा किया कि आगामी चुनावों में यह गठबंधन सफल नहीं होगा।
अनुप्रिया पटेल की मुख्य बातें
- जातीय जनगणना से पिछड़े वर्गों के लिए बेहतर नीतियां संभव:
- 1931 के बाद पहली बार जातीय जनसंख्या के आधिकारिक आंकड़े मिलेंगे
- राम मंदिर चोरी मामले में एसआईटी जांच का समर्थन
- राजनीतिक दलों से मर्यादा बनाए रखने की अपील
- सपा–कांग्रेस गठबंधन को बताया “असफल प्रयोग”
- कार्यकर्ताओं से संगठन मजबूत करने का आह्वान
