लखनऊ में पारा 40 के पार: हीटवेव के चलते बेसिक स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश बढ़ा, आदेश जारी

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

धूप से बचने के लिए छाता और गमछा लपेटकर निकले दिन भर चालू रहे पंखे, कूलर और एसी

लखनऊ, अमृत विचार : शहर में मंगलवार सुबह से निकली तेज धूप ने लोगों को गर्मी से बेहाल कर दिया। तेज धूप की तपिश और उमस से पसीने छूटने लगे। अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 27.1 डिग्री रिकार्ड किया गया। धूप से बेहाल राहगीर छाया तलाशते रहे। पैदल राहगीर छाता लेकर बाहर निकले। महिलाओं ने दुपट्टे से मुंह ढ़ककर तेज धूप से बचने का प्रयास किया।

गर्मी का आलम यह था कि घरों से लेकर कार्यालयों में पंखे, कूलर और एसी दिन भर चालू रहे। दोपहर में सड़कों पर लोगों की आवाजाही कम रही। दोपहर बाद तपिश और गर्मी से लोगों को कुछ राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार अभी गर्मी और लू परेशान करेगी। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि एक हफ्ते में तापमान में बढ़ोतरी होने का अनुमान है। अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। बुधवार को आसमान साफ रहेगा। तापमान में 1-2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है।

24 जून तक रहेगा ग्रीष्मकालीन अवकाश

शासन के बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा बेसिक शिक्षा परिषद के नियंत्रणाधीन संचालित एवं मान्यता प्राप्त विद्यालयों में ग्रीष्मकालीन अवकाश की अवधि में परिवर्तन किया गया है। अपर मुख्य सचिव, बेसिक शिक्षा पार्थ सारथी सेन शर्मा द्वारा इस संबंध में आदेश जारी करते हुए कहा गया है कि अब प्रत्येक वर्ष 20 मई से 24 जून तक ग्रीष्मकालीन अवकाश रहेगा। 25 जून से विद्यालयों में नियमित पठन-पाठन प्रारंभ होगा। यह व्यवस्था वर्ष 2026 से प्रभावी होगी। पूर्व में यह अवकाश 20 मई से 15 जून तक होता था। पिछले कुछ वर्षों में हीट वेव के कारण जिलाधिकारी स्तर से अवकाश आगे बढ़ाना पड़ता था, जिसके दृष्टिगत शासन ने प्रदेश स्तर पर एकरूपता के लिए यह निर्णय लिया है।

24 जून तक बेसिक स्कूलों में छुट्टी

शासन ने बेसिक शिक्षा परिषद के नियंत्रणाधीन संचालित और मान्यता प्राप्त विद्यालयों के ग्रीष्मकालीन अवकाश की तिथियों में बदलाव कर दिया गया है। अब हर साल 20 मई से 24 जून तक ग्रीष्म अवकाश रहेगा और 25 जून से पठन-पाठन शुरू होगा। बेसिक/माध्यमिक शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव ने निदेशक, बेसिक शिक्षा और सचिव, बेसिक शिक्षा परिषद को पत्र भेजकर आदेश लागू करने को कहा है। आदेश के मुताबिक परम्परा से 20 मई से 15 जून तक अवकाश होता था, लेकिन पिछले वर्षों में हीट वेव के कारण जिलाधिकारी स्थानीय स्तर पर छुट्टियां बढ़ा रहे थे। इसी को देखते हुए शासन ने अब अवकाश को 24 जून तक बढ़ाकर इसे स्थायी कर दिया है।

25 को फिर खुलेंगे परिषदीय विद्यालय

शासन ने निर्देश दिए हैं कि अवकाश के बाद 25 जून को पढ़ाई शुरू होने से पहले 22, 23 और 24 जून को सभी शिक्षक, शिक्षा मित्र, अनुदेशक और शिक्षणेत्तर कर्मचारी विद्यालय में उपस्थित रहेंगे। इन तीन दिनों में लेसन प्लान, मिड डे मील, पाठ्यपुस्तक, बाल-वाटिका, साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, खेल सामग्री, स्मार्ट क्लास और बिजली-पानी की व्यवस्था दुरुस्त की जाएगी। स्कूल शिक्षा समिति की बैठक कर समुदाय का सहयोग भी लिया जाएगा।

21 जून को होगा योगाभ्यास

आदेश में कहा गया है कि प्रत्येक वर्ष 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर सभी विद्यालयों में शिक्षक और छात्र-छात्राओं द्वारा सामूहिक योगाभ्यास कराया जाए। साथ ही आरटीई एक्ट के अनुसार वर्ष में कम से कम 220 दिन पठन-पाठन सुनिश्चित किया जाएगा। बेसिक शिक्षा अधिकारी लालचंद ने बताया कि आदेश देर शाम मिला है। सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को तत्काल प्रचार प्रसार करने के लिए आदेश दिया गया है।

ये भी पढ़ें  : 
वाराणसी में एक और मस्जिद पर चलेगा बुल्डोजर, रेलवे ने चस्पा किया नोटिस; 20 जून तक दिया अल्टीमेटम

संबंधित समाचार