Rampur : पीलाखार नदी में डूबने से नौवीं के छात्र की मौत
गोताखोरों ने काफी मशक्कत के बाद बरामद किया शव
बिलासपुर, अमृत विचार। बुधवार की देर शाम थाना भोट क्षेत्र के गांव गुजरैला में पीलाखार नदी में डूबने से छात्र की मौत हो गई। पोस्टमार्टम कराने से इनकार करने पर पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को परिजनों को सौंप दिया।
गांव निवासी नन्हे मेहनत मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण करते हैं। परिजनों के अनुसार उनका 15 वर्षीय पुत्र सुमित गांव के ही एक स्कूल में कक्षा 9 का छात्र था। बताया कि बुधवार को वह अपने दोस्तों के साथ गांव बहने वाली पीलाखार नदी में नहाने गया था।नहाने के दौरान सुमित गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसके दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वे सफल नहीं हो सके। इसके बाद दोस्तों ने शोर मचाया, जिससे ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। सूचना पर थाना भोट पुलिस मौके पर पहुंच गई। साथ ही स्थानीय गोताखोरों ने काफी देर तक खोजबीन की, जिसके बाद सुमित के शव को नदी से बाहर निकाला जा सका। वहीं परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। इस घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। बताया जाता कि सुमित अपने भाई-बहनों में सबसे छोटा था। चौकी प्रभारी मनकरा उत्तम सिंह ने बताया मृतक के परिजनों द्वारा पोस्टमार्टम कराने से इनकार करने पर शव का पंचनामा भरने के बाद परिजनों को सौंपा दिया गया है।
