सांसद बृज लाल का प्रहार, बोले- मोदी की आंधी में परिवारवादी पार्टियां खत्म, यूपी में योगी का इकबाल बुलंद, अखिलेश की PDA परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

बाराबंकी: अमृत विचार। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्यसभा सांसद एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व डीजीपी बृजलाल ने गुरुवार को बाराबंकी दौरे के दौरान विपक्षी दलों, खासकर समाजवादी पार्टी और उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुरक्षा और सुशासन के नए आयाम स्थापित किए हैं, जबकि परिवारवादी राजनीति अब अपने अंतिम दौर में पहुंच चुकी है।

मोदी सरकार के 12 वर्ष ऐतिहासिक, पीएम मोदी ने तोड़ा नेहरू का रिकॉर्ड

बृजलाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 4399 दिनों तक देश का नेतृत्व कर पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड तोड़ दिया है और वह देश के सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री पद पर रहने वाले नेता बन गए हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्ष जनता के विश्वास, विकास और ऐतिहासिक उपलब्धियों के रहे हैं। उन्होंने कहा कि मजबूत कानून व्यवस्था ही विकास की बुनियाद होती है। यूपीए सरकार के दौर में देश लगातार आतंकवादी हमलों से जूझता था, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने सत्ता संभालते ही जीरो टॉलरेंस नीति अपनाकर आतंकवाद पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान द्वारा भारत के खिलाफ आतंकी साजिश रचने की कोशिशों का जवाब प्रधानमंत्री ने ऑपरेशन सिंदूर के जरिए दिया और दुनिया को स्पष्ट संदेश दिया कि भारत पर हमला करने वालों को उनके घर में घुसकर जवाब दिया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि देश से नक्सलवाद भी लगभग समाप्त हो चुका है।

तीक-मुख्तार जैसे माफियाओं की योगी सरकार ने तोड़ी कमर

उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था का जिक्र करते हुए बृजलाल ने कहा कि पहले प्रदेश में मुख्तार अंसारी और अतीक अहमद जैसे माफियाओं का प्रभाव था, लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सत्ता संभालते ही माफियाओं की कमर तोड़ दी और प्रदेश को अपराधियों के शिकंजे से मुक्त कराया। इसी का परिणाम है कि प्रदेश में 40 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश आया है। सपा पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि आगामी चुनावों में परिवारवादी दलों का पूरी तरह सफाया हो जाएगा। उन्होंने कहा कि बिहार में लालू यादव की राजनीति कमजोर पड़ चुकी है, तमिलनाडु में करुणानिधि की विरासत वाली डीएमके का प्रभाव घट रहा है और पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की पार्टी भी आंतरिक असंतोष से जूझ रही है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी में क्या अखिलेश यादव के अलावा कोई दूसरा मुख्यमंत्री बन सकता है? उनका एजेंडा केवल परिवारवाद है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश की PDA का मतलब परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी है।

अखिलेश यादव पर तुष्टीकरण का आरोप, पूछा- अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन क्यों नहीं करते?

बृजलाल ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव तुष्टीकरण की राजनीति करते हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2013 में मुख्यमंत्री रहते हुए अखिलेश सरकार ने 14 आतंकवादियों के खिलाफ चार्जशीट वापस लेने की कोशिश की थी, जिस पर इलाहाबाद हाईकोर्ट ने कड़ी टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा कि अंततः आतंकियों के खिलाफ मुकदमे वापस नहीं हो सके और उन्हें फांसी से लेकर आजीवन कारावास तक की सजा हुई। पूर्व डीजीपी ने खुद को भी अखिलेश सरकार का पीड़ित बताते हुए कहा कि 18 मई 2013 को बाराबंकी में खालिद मुजाहिद की मौत के मामले में मुस्लिम वोट बैंक की राजनीति के तहत उनके खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया था, जबकि उस समय वह कार्यरत डीजीपी थे। उन्होंने कहा कि खालिद मुजाहिद की मौत लू लगने से हुई थी।

अयोध्या मुद्दे पर भी उन्होंने अखिलेश यादव को घेरते हुए कहा कि आखिर वह अयोध्या जाकर भगवान श्रीराम के दर्शन क्यों नहीं करते? क्योंकि उन्हें डर है कि इससे मुस्लिम वोट नाराज हो सकते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार के दौरान हनुमानगढ़ी से लेकर मुख्यमंत्री आवास तक रोजा इफ्तार और नमाज के आयोजन होते थे, लेकिन हिंदू त्योहारों को वह सम्मान नहीं मिलता था। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के नेता भगवान श्रीराम के अस्तित्व पर सवाल उठाते रहे हैं, जबकि मोदी और योगी के नेतृत्व में तुष्टीकरण और परिवारवाद की राजनीति समाप्त हो रही है।

सपा प्रमुख की बेटी पर सोशल मीडिया पर की जा रही आपत्तिजनक टिप्पणियों का कड़ा विरोध 

कानून व्यवस्था पर बोलते हुए बृजलाल ने कहा कि सपा शासन में पुलिस अधिकारी तक सुरक्षित नहीं थे। एसपी और डीएसपी मारे जाते थे, अपराधी गोली चलाते थे लेकिन पुलिस की एके-47 नहीं चलती थी। आज योगी सरकार में पुलिस अपराधियों को मुंहतोड़ जवाब देती है और प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है। आज उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ का इकबाल बुलंद है। हालांकि इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी प्रमुख की बेटी अदिति यादव को लेकर सोशल मीडिया पर की जा रही आपत्तिजनक टिप्पणियों का कड़ा विरोध भी किया। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव की बेटी हम सभी की बेटी है। किसी भी बेटी के बारे में इस तरह की अभद्र और अनर्गल टिप्पणियां नहीं होनी चाहिए।

ये भी पढ़ें  : 
यूपी में 37 PCS को मिला IAS बनने का मौका, डीपीसी बैठक में नामों पर मुहर, देखें प्रमोट होने वाले अधिकारियों की पूरी लिस्ट

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज