Bareilly News : 23.70 लाख मतदाता तय करेंगे गांव की सरकार

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

जिला निर्वाचन कार्यालय ने पंचायत चुनाव की फाइनल मतदाता सूची की जारी

बरेली, अमृत विचार। जिला निर्वाचन कार्यालय ने पंचायतों की अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी है, जिसमें कुल 23,70,536 मतदाता दर्ज हैं। यह वही सूची है जो आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में गांव की सरकार चुनेगी। सूची को सभी एसडीएम कार्यालयों, विकास खंडों और ग्राम पंचायत कार्यालयों में सार्वजनिक रूप से उपलब्ध करा दिया गया है।

मतदाता सूची के विवरण के अनुसार, जनपद में कुल मतदाता 23,70,536 में से 12,75,760 पुरुष और 10,94,776 महिला मतदाता हैं। इससे पूर्व 23 दिसंबर 2025 को जारी अनंतिम प्रकाशन में कुल 24,03,060 मतदाता थे। इसके बाद 24 से 30 दिसंबर 2025 तक दावे व आपत्तियां मांगी गईं, जिनका निस्तारण 6 जनवरी 2026 तक किया गया। इसके अतिरिक्त 7 जनवरी से 28 मई 2026 तक संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं का सघन सत्यापन किया गया। इस पूरी संशोधन प्रक्रिया के दौरान सूची में 1,08,070 नए मतदाताओं का कुल परिवर्धन (नाम जोड़ना) किया गया, जबकि 5,548 मतदाताओं के विवरण में कुल संशोधन हुआ। वहीं, अपात्र या दोहरे नामों को हटाते हुए कुल 1,23,656 मतदाताओं का विलोपन किया गया। इस प्रकार शुद्धिकरण के बाद अंतिम रूप से तैयार इस सूची को अब सार्वजनिक कर दिया गया है, ताकि आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों को पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और शुद्धता के साथ संपन्न कराया जा सके।

संबंधित समाचार