उच्च शिक्षा परिषद भवन बनेगा आधुनिक शिक्षा प्रबंधन का केंद्र, मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने निरीक्षण कर दिए गुणवत्ता के निर्देश

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

लखनऊ, अमृत विचार। प्रदेश में उच्च शिक्षा के बुनियादी ढांचे को सशक्त बनाने की दिशा में सरकार लगातार कदम उठा रही है। इसी क्रम में उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने आशियाना स्थित निर्माणाधीन उत्तर प्रदेश राज्य उच्च शिक्षा परिषद भवन का निरीक्षण किया।

उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य की गुणवत्ता बनाए रखते हुए परियोजना को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने भवन निर्माण की प्रगति का जायजा लिया और कहा कि यह भवन प्रदेश की उच्च शिक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी, आधुनिक और तकनीकी रूप से सक्षम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कार्यदायी संस्था और विभागीय अधिकारियों से गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा।

नए कैंप कार्यालय का किया उद्घाटन

उच्च शिक्षा मंत्री ने उच्च शिक्षा निदेशालय के नवनिर्मित कैंप कार्यालय का भी उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि नए कार्यालय के शुरू होने से विभागीय कार्यों में सुगमता आएगी तथा शासन, निदेशालय, विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा। इससे योजनाओं के क्रियान्वयन और निगरानी व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ेगी।

नई शिक्षा नीति के अनुरूप हो रहा विकास

योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार नई शिक्षा नीति-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान दे रही है। उच्च शिक्षण संस्थानों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार, डिजिटल संसाधनों की उपलब्धता और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

अनुसंधान और कौशल विकास को मिलेगी गति

उन्होंने कहा कि राज्य उच्च शिक्षा परिषद भवन के पूर्ण होने से नीति निर्माण, शैक्षिक योजना, अनुसंधान को बढ़ावा देने और संस्थागत समन्वय से जुड़ी गतिविधियों को नई गति मिलेगी। सरकार उच्च शिक्षा संस्थानों को केवल शिक्षण केंद्र नहीं बल्कि नवाचार, अनुसंधान, कौशल विकास और रोजगारोन्मुखी शिक्षा के केंद्रों के रूप में विकसित करने पर बल दे रही है।

कार्यक्रम में प्रमुख सचिव उच्च शिक्षा एमपी. अग्रवाल, सचिव अमृत त्रिपाठी, निदेशक उच्च शिक्षा बीएल शर्मा सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

संबंधित समाचार