Barabanki News: स्कूल में सर्पदंश से मासूम की मौत, लापरवाही के आरोप पर फूटा गुस्सा
जांच के लिए बनी तीन सदस्यीय कमेटी
प्राथमिक विद्यालय में पढ़ने गए सात वर्षीय छात्र की संदिग्ध सर्पदंश से मौत, परिजनों ने शिक्षामित्र पर शिकायत अनसुनी करने का लगाया आरोप; प्रशासन ने जांच का दिया भरोसा।
बाराबंकी: जिले के हैदरगढ़ क्षेत्र में एक प्राथमिक विद्यालय में पढ़ने वाले सात वर्षीय छात्र की कथित सर्पदंश से मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। घटना के विरोध में परिजनों ने अस्पताल के बाहर शव रखकर प्रदर्शन किया। बाद में प्रशासनिक अधिकारियों के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ। पूरे प्रकरण की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित कर दी गई है।
जानकारी के मुताबिक, कोतवाली क्षेत्र के बढ़ईका पुरवा निवासी अशोक राजपूत का सात वर्षीय पुत्र अंशू त्रिवेदीगंज ब्लॉक के देवगरपुर सहावर स्थित प्राथमिक विद्यालय में कक्षा तीन का छात्र था। सोमवार को वह रोज की तरह स्कूल पहुंचा था। आरोप है कि खेलते समय विद्यालय परिसर में मौजूद झाड़ियों के बीच किसी जहरीले सांप या विषैले जीव ने उसे काट लिया।
परिजनों का आरोप है कि अंशू ने तबीयत बिगड़ने पर विद्यालय में मौजूद शिक्षामित्र को इसकी जानकारी दी, लेकिन उसकी बात पर तत्काल ध्यान नहीं दिया गया। कुछ देर बाद बच्चे की हालत और बिगड़ गई तथा उसके मुंह से झाग निकलने लगा। इसके बावजूद समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए। बाद में छात्र बेहोश हो गया।
सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और बच्चे को तत्काल हैदरगढ़ अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों ने प्रारंभिक तौर पर सर्पदंश की आशंका जताई।
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने स्कूल स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल के बाहर शव रखकर विरोध प्रदर्शन किया। सूचना मिलने पर एसडीएम, सीओ सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और निष्पक्ष जांच व आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन शांत हुए।
घटना के संबंध में यह भी आरोप लगाया गया कि हादसे के समय विद्यालय में प्रधानाध्यापक और अन्य शिक्षक मौजूद नहीं थे। वहीं, परिजनों का कहना है कि घटना के बाद विद्यालय परिसर में उगी झाड़ियों और घास को जल्दबाजी में हटाया गया।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार पाठक ने बताया कि मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी गठित कर दी गई है। समिति की रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ेंः Mohammad Junaid कौन हैं? NEET-UG छात्र आंदोलन में चर्चा में आए वालंटियर की क्यों बढ़ी परेशानी, लगे गंभीर आरोप
