Sitapur News: टाउन हॉल परिसर से हटा वर्षों पुराना कब्जा, प्रशासन ने लिया पूर्ण नियंत्रण

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

सीतापुर। मिशन स्कूल परिसर के बाद अब जिला प्रशासन ने टाउन हॉल परिसर को भी लंबे समय से चले आ रहे कब्जे से मुक्त करा लिया है। डीएम कोर्ट द्वारा दिए गए 15 दिन के नोटिस की अवधि पूरी होने के बाद बुधवार को प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची, जहां कब्जाधारकों ने स्वेच्छा से मकानों की चाभियां प्रशासन को सौंप दीं। इसके साथ ही टाउन हॉल परिसर पर नगर पालिका प्रशासन का पूर्ण नियंत्रण बहाल हो गया।

जानकारी के अनुसार, डीएम कोर्ट ने टाउन हॉल परिसर में रह रहे कब्जाधारकों को 15 दिनों के भीतर परिसर खाली करने के निर्देश दिए थे। निर्धारित समय सीमा समाप्त होने पर उपजिलाधिकारी डॉ. जनार्दन, तहसीलदार तथा नगर पालिका परिषद की अधिशासी अधिकारी संयुक्त रूप से टाउन हॉल पहुंचे और कार्रवाई शुरू की।

प्रशासनिक टीम के पहुंचने पर कब्जाधारक नरेश वैश्य सहित अन्य लोगों ने मकानों की चाभियां उपजिलाधिकारी को सौंप दीं। इसके बाद प्रशासन ने परिसर का कब्जा अपने नियंत्रण में लेते हुए आगे की औपचारिक कार्रवाई पूरी की।

टाउन हॉल परिसर से कब्जा हटने के बाद नगर पालिका का पूर्ण नियंत्रण स्थापित हो गया है। प्रशासन ने इसे सार्वजनिक संपत्ति को अतिक्रमण से मुक्त कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए कोतवाली नगर और कोतवाली देहात थानों की पुलिस बल मौके पर तैनात रही। प्रशासन ने पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई।


ये भी पढ़ें : 
Weather : यूपी के कई जिलों में मूसलाधार बारिश का खतरा, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी

संबंधित समाचार