Moradabad News : कांग्रेसियों का हंगामा, राहुल गांधी से अभद्रता के खिलाफ किया विरोध प्रदर्शन

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का मांगा इस्तीफा, दिल्ली कूच करने से रोका, कई को पुलिस ने हिरासत में लिया

मुरादाबाद में छात्रों और राहुल गांधी के समर्थन में दिल्ली कूच कर रहे कांग्रेसियों को पुलिस ने रोका। कई नेताओं को हिरासत में लिया गया है।

मुरादाबाद, अमृत विचार। छात्रों के समर्थन में दिल्ली में चल रहे विरोध प्रदर्शन में शामिल होने और राहुल गांधी के साथ कथित दुर्व्यवहार का विरोध जताने के लिए कांग्रेस जिलाध्यक्ष विनोद गुंबर के नेतृत्व में प्रदर्शन किया गया। 

कांग्रेस कार्यकर्ता दिल्ली रवाना होने की तैयारी कर रहे थे। लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक लिया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आरोप है कि प्रशासन और पुलिस ने जिले के क्षेत्रों में कई कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को उनके घरों में ही हाउस अरेस्ट कर दिया। कुछ स्थानों पर पुलिस द्वारा घरों के दरवाजे बाहर से बंद करने का भी आरोप लगाया गया।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि घरों से निकलकर जिलाध्यक्ष विनोद गुंबर के नेतृत्व में शांतिपूर्वक पैदल मार्च करते हुए आगे बढ़े। मार्च के दौरान पुलिस ने उन्हें रोककर हिरासत में लिया और पुलिस चौकी बुध बाजार ले जाकर बैठा दिया।प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ता दिल्ली में छात्रों के साथ हो रहे कथित अन्याय के विरोध, राहुल गांधी के साथ हुए कथित पुलिस दुर्व्यवहार के खिलाफ तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे थे।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष विनोद गुंबर ने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की रक्षा के लिए संघर्षरत है। उन्होंने कहा कि छात्रों के साथ हो रहे अन्याय के खिलाफ कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक आवाज़ बुलंद करती रहेगी और न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।पुलिस ने जिले की विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में भी नेताओं और कार्यकर्ताओं को रोकने का प्रयास किया। इसके बावजूद बिलारी विधानसभा के वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ता व जिला महासचिव इंजी. मुहम्मद अयाज़ एडवोकेट तथा ठाकुरद्वारा नगर अध्यक्ष शमीम चौधरी पुलिस की निगरानी से बचते हुए मुरादाबाद जिला मुख्यालय पहुंच गए। इसके बाद जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में छात्रों के समर्थन में अपना विरोध दर्ज कराया।

प्रदर्शन एवं मार्च में शमीम चौधरी अब्दुल्लाह अंसारी, मुहम्मद दीन, मुहम्मद अयाज़ एडवोकेट, नाज़िम गांधी, राजेन्द्र वाल्मीकि, पार्षद कमर सलीम, शमीम चौधरी, पूनम कश्यप, अशरफ चौधरी, इकराम अली, नदीम, आज़म खान, अजय गोपाल रस्तोगी, रूमा, माया, काजल, पलक, अरविंद, ज्योति कश्यप, सचिन सहित कार्यकर्ता शामिल रहे।

संबंधित समाचार