ICC ODI Ranking: नंबर-1 बनने से सिर्फ 1 रेटिंग अंक दूर रह गए शुभमन गिल, रोहित-विराट को भी बड़ा फायदा
भारत-इंग्लैंड वनडे सीरीज के बाद जारी आईसीसी की नई रैंकिंग में शुभमन गिल 801 रेटिंग के साथ दूसरे स्थान पर हैं। डेरिल मिचेल 802 रेटिंग के साथ शीर्ष पर बने हुए हैं, जबकि विराट कोहली और रोहित शर्मा की रेटिंग में भी बढ़ोतरी हुई है।
ICC ODI Ranking: भारत और इंग्लैंड के बीच खेली गई वनडे सीरीज के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने ताजा वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग जारी कर दी है। नई रैंकिंग में भारतीय कप्तान शुभमन गिल नंबर-1 बल्लेबाज बनने से बेहद करीब रह गए। गिल 801 रेटिंग अंकों के साथ दूसरे स्थान पर हैं, जबकि न्यूजीलैंड के डेरिल मिचेल 802 रेटिंग के साथ शीर्ष स्थान पर कायम हैं। दोनों खिलाड़ियों के बीच सिर्फ एक रेटिंग अंक का अंतर है।
हालांकि शुभमन गिल ने इंग्लैंड के खिलाफ प्रभावशाली प्रदर्शन किया, लेकिन वह नंबर-1 की कुर्सी हासिल नहीं कर सके। चूंकि भारतीय टीम फिलहाल कोई वनडे मुकाबला नहीं खेलने वाली है, इसलिए निकट भविष्य में उनके शीर्ष स्थान पर पहुंचने की संभावना फिलहाल नहीं दिख रही है।
विराट कोहली और रोहित शर्मा की रेटिंग में बढ़ोतरी
भारतीय टीम के अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली और रोहित शर्मा को भी नई रैंकिंग में फायदा मिला है। दोनों खिलाड़ियों की रैंकिंग में बदलाव नहीं हुआ, लेकिन उनके रेटिंग अंक बढ़ गए हैं।
विराट कोहली की रेटिंग 757 से बढ़कर 767 हो गई है और वह तीसरे स्थान पर बने हुए हैं। वहीं रोहित शर्मा की रेटिंग 744 से बढ़कर 758 पहुंच गई है और वह चौथे स्थान पर कायम हैं। इस तरह आईसीसी वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग के टॉप-5 में भारत के तीन बल्लेबाज शामिल हैं।
बाबर आजम और हैरी टैक्टर को भी मिला फायदा
नई रैंकिंग में पाकिस्तान के बाबर आजम को एक स्थान का फायदा हुआ है और वह छठे नंबर पर पहुंच गए हैं। आयरलैंड के हैरी टैक्टर भी एक स्थान ऊपर चढ़कर सातवें स्थान पर आ गए हैं।
इंग्लैंड के जो रूट ने सबसे बड़ी छलांग लगाई है। उन्होंने चार स्थानों की बढ़त के साथ 674 रेटिंग अंकों के साथ आठवां स्थान हासिल किया है। भारत के खिलाफ उनकी 99 रन की नाबाद पारी का उन्हें सीधा लाभ मिला है और वह दोबारा टॉप-10 में लौट आए हैं।
श्रेयस अय्यर की भी रैंकिंग में सुधार
भारतीय बल्लेबाज श्रेयस अय्यर को भी ताजा रैंकिंग में दो स्थानों का फायदा मिला है। वह अब 13वें स्थान पर पहुंच गए हैं। हालांकि वह अभी टॉप-10 में जगह नहीं बना सके हैं।
वहीं वेस्टइंडीज के कप्तान शे होप तीन स्थान नीचे खिसककर नौवें नंबर पर पहुंच गए हैं। श्रीलंका के चरित असलंका भी एक स्थान के नुकसान के साथ 10वें स्थान पर आ गए हैं।
यह भी पढ़ेंः IND vs ZIM: ‘खुद पर संदेह होता है तो नेहरा सर के पास जाता हूं’, टीम इंडिया के तेज गेंदबाज अशोक शर्मा का बड़ा खुलासा
