Chitrakoot News: रामनगर में गमगीन माहौल में दी गई मासूम अंकुल को अंतिम विदाई, पड़ोसियों ने की थी हत्या

Amrit Vichar Network
Published By Ankit Yadav
On

विधायक के साथ प्रशासन और पुलिस के अधिकारी रहे मौजूद

रामनगर/चित्रकूट। नौ साल के अंकुल का गुरुवार को गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान कई थानों की पुलिस, प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौजूद रहे। मानिकपुर विधायक अविनाश चंद्र द्विवेदी ने भी घर पहुंचकर पीड़ित परिवार को सांत्वना दी।

पड़ोसियों ने की थी हत्या

एक जून को अशोक कुमार विश्वकर्मा के मासूम बच्चे की निर्मम हत्या कर दी गई थी। मां रामदुलारी की तहरीर पर पड़ोसी गोलू निषाद, उसके भाई धर्मेंद्र और पिता पप्पू पर रैपुरा थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने मुख्य आरोपी गोलू और उसके पिता को गिरफ्तार भी कर लिया है। बुधवार को पूना में काम करने वाले अशोक के आने के बाद अंकुल के शव का पोस्टमार्टम हुआ। 

परिवार का अंतिम संस्कार करने से मना 

पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो एक बार फिर परिवारीजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। उन्होंने शव को घर के दरवाजे पर रखकर अपनी मांगें पूरी होने तक शव का अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया था। देर शाम एडीएम स्वप्निल यादव, एएसपी पीयूषकांत राय, सीओ राजापुर राज कमल एवं मऊ एसडीएम राम ऋषि रमन परिवारीजनों को समझाने पहुंचे थे। 

11 मांगें, प्रशासन ने आठ मांगों को स्वीकार किया

एडीएम ने बताया कि परिजनों की 11 मांगों में से आठ मांगों को प्रशासन ने स्वीकार कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी, सख्त कानूनी कार्रवाई, गवाहों की सुरक्षा, फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई समेत अन्य मांगों पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। वहीं 50 लाख रुपये मुआवजा, सरकारी नौकरी और भूमि आवंटन जैसी नीतिगत मांगों को शासन स्तर पर भेजा जाएगा। प्रशासन के आश्वासन के बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए। 

चित्रकूट अंकुल हत्या

घटना के चौथे दिन अंतिम संस्कार

घटना के चौथे दिन गुरुवार की दोपहर करीब 12 बजे अंकुल का अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और विभिन्न सामाजिक संगठनों के लोग शामिल हुए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। अंतिम संस्कार से पूर्व मानिकपुर विधायक अविनाश चंद्र द्विवेदी पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और शोक संवेदना व्यक्त की।

विधायक के साथ प्रशासन-पुलिस मौजूद

विधायक ने परिवार को सांत्वना देते हुए कहा कि उनकी सभी जायज मांगों को पूरा कराने के लिए वह हर स्तर पर प्रयास करेंगे और इस दुख की घड़ी में पूरी तरह परिवार के साथ खड़े हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले में न्याय दिलाने के लिए प्रशासन और शासन स्तर पर आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी। इस मौके पर मऊ एसडीएम राम ऋषि रमन, क्षेत्राधिकारी राजापुर राज कमल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। परिजनों का कहना है कि उनकी मांगों को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों और विधायक की ओर से सकारात्मक आश्वासन दिया गया है। बताया गया कि एसडीएम, सीओ और विधायक ने भी मांगों को शासन स्तर तक पहुंचाने का भरोसा दिया है।

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज

कानपुर में मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय बोले- मोदी सरकार के 12 वर्ष भारत के उत्कर्ष, आत्मनिर्भरता और वैश्विक प्रतिष्ठा के स्वर्णिम वर्ष
दिल्ली अग्निकांड के बाद अग्निशमन विभाग ने चलाया अभियान, होटल- रेस्टारेंट आदि में आग से बचाव के परखे इंतजाम
रामभक्तों के लिए खुशखबरी : राममंदिर में ऑनलाइन मिलेगी व्हील चेयर की सुविधा, जरूरतमंदों को नहीं होगी असुविधा
Ayodhya News : कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति ने संभाला पदभार, कहा- कृषि विज्ञान केंद्रों को मजबूत करने की जरूरत
मोदी सरकार के 12 साल : बाराबंकी में मंत्री सुरेश राही बोले- 12 वर्षों की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाना अभियान का उद्देश्य