वाराणसी में भूटान बनाएगा बौद्ध मंदिर : लीज पर मिली दो एकड़ भूमि, पर्यटन विभाग और भूटान सरकार के बीच हुआ समझौता
पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह और अपर मुख्य सचिव पर्यटन अमृत अभिजात की उपस्थिति में हुए इस समझौते के तहत वाराणसी के अजईपुर, परगना कोलअसला, तहसील पिंडरा स्थित दो एकड़ भूमि 30 वर्ष की लीज पर भूटान सरकार को दी जाएगी।
लखनऊ, अमृत विचार : वाराणसी में बौद्ध पर्यटन को नई गति देने के लिए प्रदेश सरकार ने रॉयल गवर्नमेंट ऑफ भूटान को बौद्ध मंदिर एवं गेस्ट हाउस निर्माण के लिए दो एकड़ भूमि उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। इस संबंध में बुधवार को पर्यटन विभाग और भूटान सरकार के प्रतिनिधियों के बीच लीज डीड एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर किए गए।
पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह और अपर मुख्य सचिव पर्यटन अमृत अभिजात की उपस्थिति में हुए इस समझौते के तहत वाराणसी के अजईपुर, परगना कोलअसला, तहसील पिंडरा स्थित दो एकड़ भूमि 30 वर्ष की लीज पर भूटान सरकार को दी जाएगी। इसके लिए वार्षिक किराया मात्र एक रुपये निर्धारित किया गया है।
मंत्री जयवीर सिंह बोले- क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मिलेगी मजबूती
जयवीर सिंह ने कहा कि यह समझौता दोनों देशों के सांस्कृतिक और धार्मिक संबंधों को और अधिक प्रगाढ़ करेगा। साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और विदेशी पर्यटकों की संख्या बढ़ने से क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। समझौते पर भूटान की ओर से उप मिशन प्रमुख ताशी पेल्डन ने हस्ताक्षर किए। उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार और पर्यटन विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह समझौता भारत और भूटान के संबंधों को और सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
