गोंडा-बरुआचक रेलखंड पर बड़ा हादसा, दो रेलकर्मियों समेत छह घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Virendra Pandey
On

गोंडा, अमृत विचार : गोंडा-बरुआचक रेलखंड पर रविवार को रेलवे ट्रैक के मरम्मत एवं लाइन खोलने के कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। ट्रैक में अत्यधिक तनाव के कारण लोहे की भारी रेल पटरी अचानक तेज झटके के साथ उछल गई, जिसकी चपेट में आने से दो रेलकर्मियों समेत ठेकेदार के चार कर्मचारी घायल हो गए।

घायलों में सीनियर सेक्शन इंजीनियर पवन कुमार और अवधेश दूबे सहित कुल छह लोग शामिल हैं। घटना के बाद कार्यस्थल पर अफरा-तफरी मच गई। साथी कर्मचारियों ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी, जिसके बाद सभी घायलों को रेलवे चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।

रेलवे चिकित्सालय के चिकित्सक डॉ. दीपक मोर ने बताया कि पवन कुमार के चेहरे और पैर में चोटें आई हैं, जबकि अवधेश दूबे को भी चोट लगी है। उनका एक्स-रे कराया गया, जिसमें कोई हड्डी टूटने की पुष्टि नहीं हुई। घटना की सूचना मिलते ही एनई रेलवे मजदूर यूनियन के शाखा मंत्री योगेश शर्मा, संजय नेता सहित यूनियन के कई पदाधिकारी रेलवे चिकित्सालय पहुंचे और घायल कर्मचारियों का हालचाल जाना। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ेंः यूपी के 1.28 लाख शिक्षकों को बड़ा तोहफाः अब 5 लाख तक कैशलेस इलाज, साथ में 3 करोड़ तक का बीमा

संबंधित समाचार