Bareilly News : जौहर यूनिवर्सिटी पर कार्रवाई के विरोध में सपा का प्रदर्शन
भवनों के ध्वस्तीकरण का नोटिस वापस लेने की मांग, राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा
रामपुर की जौहर यूनिवर्सिटी पर कार्रवाई और ध्वस्तीकरण नोटिस के विरोध में बरेली में सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा।
बरेली, अमृत विचार। रामपुर स्थित मौलाना मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी पर कार्रवाई के विरोध में सपा जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव के नेतृत्व में पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने सोमवार को पैदल मार्च निकाल कर कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट राजेश कुमार को सौंपा। यूनिवर्सिटी के 38 भवनों को ध्वस्त करने के लिए जारी नोटिस वापस लेने व कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग की। पदाधिकारियों ने कहा कि यूनिवर्सिटी में हजारों छात्र-छात्राएं पढ़ाई कर रहे हैं। यदि भवनों को ध्वस्त किया गया तो शिक्षा प्रभावित होगी।
जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा शिक्षण संस्थानों को निशाना बना रही है। छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी ने कहा कि सरकार राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से कार्रवाई कर रही है। विधायक अताउर रहमान ने कहा कि इस कार्रवाई से सबसे ज्यादा नुकसान गरीब व मध्यमवर्गीय परिवारों के बच्चों को होगा।
पूर्व सांसद वीरपाल सिंह यादव ने कहा कि लोकतंत्र में असहमति की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। विधायक शहजिल इस्लाम ने कहा कि सरकार शिक्षा, रोजगार जैसे मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए ऐसे कदम उठा रही है। पूर्व मेयर सुप्रिया ऐरन ने छात्रों के भविष्य को देखते हुए कार्रवाई वापस लेने की मांग की। पूर्व मंत्री भगवत सरन गंगवार, पूर्व विधायक महीपाल सिंह यादव व विजयपाल सिंह ने भी सरकार पर निशाना साधा। राजेश अग्रवाल, इं.अनीस अहमद, अखलाक अहमद अंसारी, डॉ. अनीस बेग, सुरेंद्र सोनकर, रविंद्र सिंह यादव, प्रमोद बिष्ट, प्रमोद यादव, दीपक शर्मा, अशोक यादव, संजीव सक्सेना, हैदर अली, गौरव सक्सेना, मनोहर सिंह पटेल आदि मौजूद रहे।
