Rampur News : कोसी नदी में कूदने वाली महिला का 36 घंटे बाद शव बरामद
अजीमनगर थाना क्षेत्र की महिला ने रविवार को कोसी नदी में लगाई थी छलांग
रामपुर, अमृत विचार। अजीमनगर थाना क्षेत्र में कोसी नदी में कूदने वाली महिला का शव 36 घंटे बाद सोमवार शाम बरामद कर लिया गया। गोताखोरों और पुलिस टीम ने लगातार चलाए सर्च अभियान के बाद शाम करीब 6 बजे शव को नदी से बाहर निकाला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
अजीमनगर थाना पुलिस ने बताया कि महिला ने रविवार सुबह करीब 7:30 बजे कोसी नदी में छलांग लगा दी थी। परिजनों ने पहले अपने स्तर पर उसकी तलाश की और बाद में रविवार शाम करीब 4 बजे थाने में सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने गोताखोरों की मदद से तलाश अभियान शुरू किया, लेकिन देर रात तक सफलता नहीं मिल सकी। सोमवार सुबह पुलिस की निगरानी में गोताखोरों ने दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया। कई घंटे की तलाश के बाद सोमवार शाम महिला का शव नदी से बरामद कर लिया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मामला ब्लैकमेलिंग से जुड़ा होने की बात सामने आई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि महिला ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया। महिला के पति मुस्तफा ने आरोप लगाया है कि उनकी पत्नी ब्लैकमेलिंग से परेशान थी। उन्होंने मामले में आरोपी बताए जा रहे अजय नामक युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मोबाइल कॉल डिटेल्स समेत अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
