जेल में बंद पूर्व ब्लॉक प्रमुख भाइयों पर एक और बड़ा एक्शन! अब नवाब-नीलू की 5.25 करोड़ की संपत्ति कुर्क, परिजनों के नाम दर्ज जमीनें भी जब्त
गैंगस्टर मामले में सजा मिलने के बाद प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 11 संपत्तियों पर चली कुर्की की प्रक्रिया; अब तक 16 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति हो चुकी है जब्त।
कन्नौज, अमृत विचार। कोर्ट से गैंगस्टर में सजा के बाद अब पूर्व ब्लॉक प्रमुख भाइयों नवाब सिंह यादव और उसके भाई नीलू यादव की सवा 5 करोड़ कीमत की संपत्ति कुर्क कर दी गई है। बताया गया कि कुल 11 संपत्तियां कुर्क की गई हैं जिसमें करीब 25 बीघा खेत और 3 मकान शामिल हैं।
बताते चलें कि नाबालिग से रेप के आरोप में पकड़े गए पूर्व सपा नेता नवाब के अलावा उसके भाई वीरपाल उर्फ नीलू को गैंगस्टर में सजा सुनाई जा चुकी है और दोनों जेल में हैं। मंगलवार दोपहर 1 बजे से शाम तक 11 अलग-अलग स्थानों पर सीओ सिटी कुलवीर सिंह की ओर से कोतवाली पुलिस व एसडीएम सदर नवनीता राय की मौजूदगी में मुनादी कराकर कुर्की की कार्रवाई की गई।
1.png)
25 बीघा जमीन और तीन मकान प्रशासन ने किए कुर्क
सबसे पहले एसडीएम सदर, सीओ और कोतवाली प्रभारी जितेंद्र प्रताप सिंह राजस्व और पुलिस कर्मियों के साथ कंदरौली बांगर पहुंचे। यहां उन्होंने दोनों भाइयों की ओर से गलत तरीके से अर्जित की गई खेती को कुर्क किया। तीन मकान भी कुर्क किए गए हैं। एसडीएम सदर ने बताया कि दोनों भाइयों ने इन सम्पत्तियों को अपराध करके अर्जित किया था। कुर्क की गई सम्पत्ति करीब 5 करोड़ 25 लाख कीमत की है, जो दोनों ने परिजनों व सहयोगियों के नाम पर दर्ज करवा रखी है।
1.png)
पहले भी हो चुकी है दो बार कुर्की
प्रशासन के मुताबिक इससे पहले भी नवाब सिंह यादव और नीलू यादव की संपत्तियों पर दो बार कुर्की की कार्रवाई हो चुकी है। ताजा कार्रवाई के बाद अब तक दोनों भाइयों से जुड़ी 16 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियां कुर्क की जा चुकी हैं।
इन संपत्तियों पर हुई कार्रवाई
एसडीएम सदर ने बताया कि जिन संपत्तियों की कुर्की की गई है उनमें कंदरौली बांगर में नवाब के भाई कल्यान सिंह की पत्नी के नाम दर्ज 59 लाख 2 हजार कीमत की जमीन, यहीं पर दूसरे भाई उदयवीर की पत्नी नीतू देवी के नाम दर्ज 59 लाख 2 हजार कीमत की जमीन, भाई सुदर्शन सिंह यादव की पत्नी रानी देवी के नाम 66 लाख 50 हजार 725 रुपये कीमत की जमीन, एक अन्य भाई शिवपाल यादव की पत्नी जयदेवी के नाम 59 लाख 2 हजार रुपये कीमत की जमीन और जयदेवी के ही नाम से मोहल्ला मौसमपुर अल्हड़ में 1 करोड़ 12 लाख 65 हजार 920 रुपये कीमत की जमीन शामिल है। यहीं पर नीलू की पत्नी मीना देवी के नाम 59 लाख 2 हजार रुपये कीमत की जमीन दर्ज है।
1.png)
मोहल्ला गदनपुर बड्डू में मां मूला देवी के नाम 12.54 लाख कीमत की जमीन भी कुर्क हुई। नवाब सिंह के सहयोगी रमेश चन्द्र के नाम मौसमपुर अल्हड़ मोहल्ले में 37 लाख 64 हजार 800 रुपये कीमत की जमीन, मोहल्ला जेरकिला में रमेश चन्द्र के नाम से आवासीय भूमि 40 लाख 75 हजार 880 रुपये कीमत, मौजा दरियापुर पट्टी में रमेश चन्द्र के नाम 7 लाख 60 हजार और दरियापुर चंदई में रमेश चन्द्र के नाम 11 लाख 9 हजार रुपये कीमत की जमीनें कुर्क की गईं।
