Auraiya News: पत्नी के दूसरे बच्चे के प्रसव से पहले पति ने उठाया खौफनाक कदम, घर में मचा कोहराम
अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के सेऊपुर गांव में 28 वर्षीय प्रशांत दोहरे ने घर में आत्महत्या कर ली। पत्नी के ऑपरेशन की तैयारी चल रही थी। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है और पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
औरैया, अमृत विचार। अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के सेऊपुर गांव में रविवार देर शाम एक 28 वर्षीय युवक ने अपने घर में आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान सेऊपुर निवासी प्रशांत दोहरे (28) पुत्र रामबहादुर के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार प्रशांत अपनी पत्नी अनीता के दूसरे बच्चे के प्रसव से पहले जांच कराने के लिए अजीतमल सीएचसी गया था। चिकित्सकीय जांच के दौरान डॉक्टरों ने अल्ट्रासाउंड कराने की सलाह दी थी। इसके बाद प्रशांत पत्नी को एक निजी अस्पताल में अल्ट्रासाउंड के लिए ले गया और जांच कराने के बाद उसे मायके छोड़कर घर लौट आया।
परिजनों ने बताया कि प्रशांत शाम करीब पांच बजे घर आया था और अपनी मां से बातचीत भी की थी। परिजनों के मुताबिक डॉक्टरों ने आगामी मंगलवार को उसकी पत्नी अनीता का ऑपरेशन किए जाने की बात कही थी। मां ने प्रशांत से कहा था कि आज घर पर ही रुक जाओ, कल चले जाना। इसके कुछ समय बाद प्रशांत अपने कमरे में चला गया।
काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आने पर परिजनों ने अंदर जाकर देखा तो घटना की जानकारी हुई। घर में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक *विनोद कुमार* पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की मां ने रोते हुए बताया कि उन्हें जरा भी अंदेशा नहीं था कि प्रशांत इतना बड़ा कदम उठा लेगा। प्रशांत की एक बेटी है और उसकी पत्नी दूसरे बच्चे के प्रसव की तैयारी में थी। घटना के बाद पत्नी अनीता समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ेंः यूपी में 17 IAS अधिकारियों का बड़ा फेरबदल, अलीगढ़-मुरादाबाद मंडलायुक्त बदले; कई विभागों में नई जिम्मेदारियां
