कानपुर पॉलिटेक्निक के हुनर का डंका! 4 साल में 1,845 युवाओं को नौकरी, बेटियों का प्लेसमेंट 82% पार
कानपुर पॉलीटेक्निक के 77% छात्रों का कैंपस प्लेसमेंट, 8.5 लाख का पैकेज
राजकीय पॉलीटेक्निक कानपुर के चार साल के आंकड़ों में 77.46 प्रतिशत प्लेसमेंट सामने आया है। 2,382 विद्यार्थियों में से 1,845 का चयन हुआ। छात्राओं का प्लेसमेंट 82.26 प्रतिशत रहा, जबकि 2025-26 में सर्वाधिक पैकेज 8.5 लाख रुपये सालाना रहा।
कानपुर, अमृत विचार। राजकीय पॉलिटेक्निक कानपुरने तकनीकी शिक्षा के साथ युवाओं को रोजगार से जोड़ने के मामले में शानदार प्रदर्शन किया है। संस्थान के पिछले चार शैक्षणिक सत्रों 2022-23 से 2025-26 के आंकड़ों के मुताबिक, यहां नामांकित 2,382 विद्यार्थियों में से 1,845 छात्र-छात्राओं को कैंपस प्लेसमेंट के जरिए नौकरी मिली है। यानी संस्थान का औसत प्लेसमेंट करीब 77.46 प्रतिशत रहा। बड़ी बात यह है कि संस्थान की छात्राओं ने भी शानदार प्रदर्शन किया है। चार वर्षों में दाखिला लेने वाली 513 छात्राओं में से 422 यानी 82.26 प्रतिशत का सीधे कंपनियों में चयन हुआ।
8.5 लाख के पैकेज ने खींचा ध्यान
शैक्षणिक सत्र 2025-26 में 562 विद्यार्थियों में से 428 का चयन हुआ। इस सत्र में सबसे बड़ा पैकेज 8.5 लाख रुपये सालाना का रहा, जो अल्फा लावल ने मैकेनिकल ऑटो ब्रांच के छात्र को दिया। इसके अलावा मारुति सुजुकी ने मैकेनिकल प्रोडक्शन, इलेक्ट्रिकल और पेंट टेक्नोलॉजी के छात्रों को 5.25 लाख रुपये सालाना के पैकेज पर चुना।
जेके सीमेंट ने केमिकल ब्रांच में चार लाख रुपये, वॉबैग ने सिविल और आईसी में 3.8 लाख रुपये तथा कैन पैक ने पीएमटी में 3.5 लाख रुपये का पैकेज दिया। इंटरफेस माइक्रोसिस्टम ने इलेक्ट्रॉनिक्स में 2.82 लाख, वीवीडीएन ने आईटी में 2.64 लाख और सही ग्रुप ने टेक्सटाइल केमिस्ट्री में 2.55 लाख रुपये सालाना का पैकेज दिया।
हर साल कंपनियों ने दिखाया भरोसा
सत्र 2024-25 में 584 विद्यार्थियों में से 493 का कैंपस प्लेसमेंट हुआ। इस दौरान मारुति सुजुकी ने मैकेनिकल ऑटो, मैकेनिकल प्रोडक्शन और पेंट ट्रेड के छात्रों को 4.75 लाख रुपये का उच्चतम पैकेज दिया। एनपीसीएल ने इलेक्ट्रिकल में 3.75 लाख और एलएंडटी ने सिविल इंजीनियरिंग में 3.8 लाख रुपये का पैकेज दिया। वहीं सत्र 2023-24 में 609 में से 452 छात्रों को नौकरी मिली।
इस वर्ष एशियन पेंट्स ने पेंट टेक्नोलॉजी के छात्र को छह लाख रुपये सालाना का पैकेज दिया। बिड़ला हिंडालको ने इलेक्ट्रॉनिक्स और सिविल में 3.6 लाख तथा बिड़ला अल्ट्राटेक ने आईसी में 3.8 लाख रुपये का पैकेज दिया। सत्र 2022-23 में 627 विद्यार्थियों में से 472 का चयन हुआ था। इस दौरान इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड ने मैकेनिकल और इलेक्ट्रिकल ब्रांच के छात्रों को 7.2 लाख रुपये सालाना का पैकेज दिया था।
बेटियों ने भी रचा प्लेसमेंट का रिकॉर्ड
राजकीय पॉलीटेक्निक की छात्राओं का प्रदर्शन खास तौर पर उल्लेखनीय रहा। चार साल में 513 छात्राओं ने दाखिला लिया, जिनमें से 422 को नौकरी मिली। यह 82.26 प्रतिशत प्लेसमेंट है। इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स, पेंट टेक्नोलॉजी और इंस्ट्रूमेंटेशन एंड कंट्रोल जैसी ब्रांचों में छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन किया। संस्थान के मुताबिक 2025-26 में इन ट्रेडों में नामांकित शत-प्रतिशत छात्राओं का कैंपस प्लेसमेंट हुआ। मारुति सुजुकी, मदरसन, वीवीडीएन और वॉबैग जैसी कंपनियों ने छात्राओं को मैन्युफैक्चरिंग, क्वालिटी कंट्रोल और ऑपरेशंस जैसे क्षेत्रों में अवसर दिए हैं।
किताबी ज्ञान से आगे इंडस्ट्री की तैयारी
संस्थान के मुताबिक छात्रों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं रखा जा रहा है। आधुनिक प्रयोगशालाओं में प्रैक्टिकल ट्रेनिंग, इंडस्ट्रियल विजिट, अनिवार्य इंटर्नशिप के साथ पर्सनालिटी डेवलपमेंट और सॉफ्ट स्किल्स की कक्षाएं भी संचालित की जा रही हैं। इसी का नतीजा है कि मारुति सुजुकी, एशियन पेंट्स, जेके सीमेंट, एलएंडटी, वॉबैग, वर्धमान, मदरसन और अल्फा लावल जैसी कंपनियां लगातार कैंपस ड्राइव में पहुंच रही हैं।
90 प्रतिशत प्लेसमेंट का लक्ष्य
राजकीय पॉलिटेक्निक कानपुर के प्रधानाचार्य अरुण कुमार ने बताया कि लक्ष्य छात्रों को केवल डिप्लोमा देना नहीं, बल्कि उन्हें उद्योगों की जरूरत के मुताबिक कुशल बनाना है। औद्योगिक निवेश बढ़ने से तकनीकी और कोर ब्रांच के युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़े हैं। उन्होंने बताया कि प्रयोगशालाओं को आधुनिक बनाया गया है और छात्रों को नियमित रूप से इंडस्ट्रियल विजिट कराई जाती है। संस्थान अब आने वाले वर्षों में प्लेसमेंट दर को 90 प्रतिशत से अधिक करने की दिशा में काम कर रहा है।
यह भी पढ़ें:-IIT Kanpur: राकेश गंगवाल ने फिर खोला खजाना, मेडिकल स्कूल के लिए देंगे 300 करोड़ की मैचिंग ग्रांट
