अमृत विचार पड़ताल :  पासपोर्ट सेवा केंद्र के बाहर दलालों का खेल, ‘7 हजार दीजिए, 15 दिन में पासपोर्ट तैयार’

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

सरकारी प्रक्रिया में डेढ़ से दो माह लगने का दावा, दलाल जल्दी पासपोर्ट बनवाने के नाम पर मांग रहे अतिरिक्त रकम

बरेली के पासपोर्ट सेवा केंद्र के बाहर जल्द पासपोर्ट बनवाने के नाम पर कथित दलाल सक्रिय हैं। 7 हजार रुपये में 15 दिन और अतिरिक्त रकम लेकर एक महीने में पासपोर्ट बनवाने का दावा किया जा रहा है। अधिकारियों ने आवेदकों से दलालों के झांसे में न आने की अपील की है।

बरेली, अमृत विचार। पासपोर्ट बनवाने के लिए आवेदन करने वालों को जल्द पासपोर्ट दिलाने का झांसा देकर पासपोर्ट सेवा केंद्र के बाहर कथित तौर पर दलाल सक्रिय हैं। पीलीभीत बाईपास रोड स्थित पासपोर्ट सेवा केंद्र के बाहर आवेदकों से अतिरिक्त रकम लेकर 15 दिन से एक महीने में पासपोर्ट बनवाने का दावा किए जाने का मामला सामने आया है।

अमृत विचार की टीम ने गुरुवार को पासपोर्ट सेवा केंद्र के बाहर पड़ताल की। इस दौरान आवेदकों के बीच कई लोग सक्रिय नजर आए। टीम के एक सदस्य ने पासपोर्ट बनवाने के संबंध में एक व्यक्ति से जानकारी ली तो उसने सरकारी फीस अलग बताते हुए जल्दी काम कराने के लिए अतिरिक्त रकम मांगी।

एक व्यक्ति ने बताया कि सरकारी फीस करीब 2500 रुपये है, लेकिन जल्दी काम कराने के लिए 4 हजार रुपये अतिरिक्त देने होंगे और पूरी प्रक्रिया करीब एक महीने में पूरी करा दी जाएगी। वहीं, दूसरे व्यक्ति ने पुलिस सत्यापन खुद कराने की बात कहते हुए 7 हजार रुपये में 15 दिन के भीतर पासपोर्ट बनवाने का दावा किया।

सामान्य प्रक्रिया में लग रहा डेढ़ से दो माह

पासपोर्ट के लिए ऑनलाइन आवेदन करने वाले कई आवेदकों को कार्यालय में प्रक्रिया पूरी कराने के लिए लंबी तारीख मिल रही है। मुरादाबाद से आए दूल्हा खां ने बताया कि उन्होंने करीब दो महीने पहले आवेदन किया था। 13 अगस्त को उन्हें पासपोर्ट सेवा केंद्र बुलाया गया, जहां दस्तावेजों की जांच समेत अन्य प्रक्रिया पूरी की गई। इसी तरह साजिद हुसैन ने बताया कि ऑनलाइन आवेदन करने के करीब डेढ़ माह बाद उन्हें कार्यालय बुलाया गया।

एक जुलाई से बढ़ी पासपोर्ट की फीस

एक जुलाई से पासपोर्ट बनवाना महंगा हो गया है। सामान्य और तत्काल दोनों श्रेणियों की फीस में बढ़ोतरी की गई है। 36 पेज के सामान्य पासपोर्ट की फीस 1500 रुपये से बढ़कर 2500 रुपये हो गई है, जबकि तत्काल पासपोर्ट की फीस 3500 से बढ़कर 5000 रुपये कर दी गई है। इसी तरह 60 पेज के सामान्य पासपोर्ट के लिए अब 3500 रुपये और तत्काल पासपोर्ट के लिए 6000 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। पीसीसी और सरेंडर सर्टिफिकेट की फीस में भी बदलाव किया गया है।

13 जिलों से पहुंचते हैं आवेदक

पीलीभीत बाईपास स्थित पासपोर्ट सेवा केंद्र पर बरेली के अलावा आसपास के कई जिलों से आवेदक पहुंचते हैं। इनमें अमरोहा, एटा, फिरोजाबाद, कासगंज, शाहजहांपुर, बदायूं, पीलीभीत, रामपुर, मुरादाबाद, संभल और बिजनौर समेत अन्य जिले शामिल हैं। अधिकतर आवेदक ऑनलाइन आवेदन के बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत पासपोर्ट सेवा केंद्र पहुंचते हैं।

‘बाहरी लोगों के बहकावे में न आएं’

क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी शैलेन्द्र सिंह ने कहा कि आवेदक आमतौर पर ऑनलाइन आवेदन के बाद निर्धारित समय पर कार्यालय बुलाए जाते हैं। यदि किसी आवेदक के दस्तावेज पूरे हैं तो उसका काम नियमानुसार किया जाता है। उन्होंने कहा कि पासपोर्ट सेवा केंद्र के बाहर बाहरी लोगों के सक्रिय होने की जानकारी मिलने पर उन्हें हटवाया जाएगा। उन्होंने आवेदकों से अपील की कि वे किसी के बहकावे में न आएं और पासपोर्ट बनवाने के लिए निर्धारित सरकारी प्रक्रिया का ही पालन करें।

ये भी पढ़े : 
Bareilly News : नैनो नहीं, पारंपरिक खाद पर किसानों का भरोसा, रुहेलखंड विश्वविद्यालय के शोध में सामने आई वजह

संबंधित समाचार