Shravasti News : इकौना में तालाब की जमीन पर गरजा बुलडोजर, 9 कब्जाधारियों के अवैध निर्माण जमींदोज, जानें पूरा मामला
श्रावस्ती के इकौना देहात में सरकारी तालाब की जमीन पर कथित कब्जे के खिलाफ प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई की। गाटा संख्या 2393 ख और 2394 ग की जमीन पर गफ्फार समेत नौ लोगों के अवैध निर्माण ध्वस्त कर सरकारी भूमि कब्जा मुक्त कराई गई। प्रशासन ने बताया कि न्यायिक आदेश और नोटिस के बावजूद कब्जा नहीं हटाया गया था।
इकौना (श्रावस्ती), अमृत विचार : सरकारी तालाब की जमीन पर वर्षों से अवैध कब्जा जमाए बैठे लोगों के खिलाफ प्रशासन ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की। इकौना देहात में प्रशासन की टीम ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अवैध निर्माणों को बुलडोजर से ध्वस्त कर सरकारी जमीन को कब्जा मुक्त कराया।
बताया जा रहा है कि गाटा संख्या 2393 ख व 2394 ग की जमीन राजस्व अभिलेखों में तालाब के रूप में दर्ज है। आरोप है कि गफ्फार समेत नौ लोगों ने इस जमीन पर कब्जा कर निर्माण कर लिया था। प्रशासन की ओर से कब्जाधारकों को पहले नोटिस जारी कर कब्जा हटाने के निर्देश दिए गए थे।

प्रशासन के मुताबिक, बेदखली का न्यायिक आदेश पहले ही पारित हो चुका था। इसके बाद 31 जुलाई को डीएम न्यायालय से भी अपील खारिज हो गई। कब्जा हटाने के लिए प्रशासन ने 16 अगस्त तक की मोहलत दी थी, लेकिन निर्धारित समय सीमा बीतने के बाद भी कब्जा नहीं हटाया गया।
मंगलवार को तहसील प्रशासन व पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में एक-एक कर अवैध निर्माणों को बुलडोजर से ध्वस्त किया गया। कार्रवाई के दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। प्रशासन ने सरकारी भूमि को कब्जा मुक्त कराकर राजस्व अभिलेखों के अनुरूप भूमि की स्थिति बहाल करने की कार्रवाई की।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में आने वाला खर्च भी संबंधित कब्जाधारकों से नियमानुसार वसूला जाएगा। इसमें बुलडोजर, मजदूर और अन्य कार्रवाई का खर्च शामिल है। इकौना देहात में हुई इस कार्रवाई को सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे के खिलाफ प्रशासन की सख्ती के तौर पर देखा जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियमानुसार कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
यह भी पढ़ें:-श्रावस्ती में घर के अंदर फंदे से लटका मिला 30 वर्षीय युवक का शव, पत्नी के मायके जाने से जोड़ा जा रहा मामला
