करोड़ों BSNL यूजर्स के लिए बड़ी खबर! जानें कब तक लॉन्च होगा 5G, जानें किसे बदलना पड़ेगा SIM
BSNL ने 5G नेटवर्क की टेस्टिंग शुरू की; हजारों 4G टावरों को अपग्रेड करने की तैयारी, नए ग्राहकों के लिए ₹1 वाला खास ऑफर भी चर्चा में।
डिजिटल डेस्क। सरकारी टेलीकॉम कंपनी BSNL अपने करोड़ों ग्राहकों के लिए 5G सर्विस शुरू करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है। कंपनी की ओर से मिले संकेतों के मुताबिक, भारत में BSNL 5G सर्विस दिसंबर 2026 तक लॉन्च की जा सकती है। खास बात यह है कि कंपनी अपने मौजूदा 4G नेटवर्क को ही 5G तकनीक के लिए अपग्रेड करने की तैयारी कर रही है।
BSNL केरल के चीफ जनरल मैनेजर आर. साजी कुमार के मुताबिक, मौजूदा 4G इकोसिस्टम को 5G के लिए अपग्रेड किया जा सकता है। इसके लिए बड़े पैमाने पर नए हार्डवेयर लगाने के बजाय मुख्य रूप से सॉफ्टवेयर अपग्रेड की जरूरत होगी।
BSNL ने शुरू की 5G नेटवर्क की टेस्टिंग
कंपनी ने स्वदेशी तकनीक पर आधारित 5G नेटवर्क की टेस्टिंग शुरू कर दी है। हालांकि, BSNL के लिए 5G पर जाने से पहले मौजूदा 4G नेटवर्क को पूरी तरह स्थिर करना जरूरी है।
कंपनी के मुताबिक, जिन ग्राहकों के पास सामान्य 4G सिम है, उन्हें 5G सर्विस का इस्तेमाल करने के लिए सिम बदलना पड़ सकता है। वहीं 5G-ready SIM इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों को सिम बदलने की जरूरत नहीं होगी।
7,200 से ज्यादा टावरों को 5G के लिए किया जा सकता है अपग्रेड
BSNL के केरल सर्कल में करीब 7,200 4G मोबाइल टावर मौजूद हैं। कंपनी के अनुसार, इन टावरों को 5G नेटवर्क के लिए अपग्रेड किया जा सकता है।
इसके अलावा देशभर में लगाए जा रहे 26,300 नए 4G टावर भी BSNL के नेटवर्क को मजबूत करने में मदद करेंगे। कंपनी नेटवर्क विस्तार के साथ-साथ कम कवरेज वाले क्षेत्रों पर भी ध्यान दे रही है।
केरल में 323 और लक्षद्वीप में 37 नए टावर
BSNL केरल के कम सेवा वाले इलाकों में 323 नए टावर लगाने की योजना पर काम कर रहा है। वहीं लक्षद्वीप में भी 37 नए टावर लगाए जाने की तैयारी है।
कंपनी ने अपनी IMS क्षमता को भी बढ़ाया है। इससे नेटवर्क पर बढ़ने वाले ट्रैफिक को संभालने और भविष्य में अधिक ग्राहकों को बेहतर सेवा देने में मदद मिलने की उम्मीद है।
नए ग्राहकों के लिए ₹1 वाला ऑफर
BSNL की 5G तैयारी के बीच कंपनी स्वतंत्रता दिवस के मौके पर नए ग्राहकों के लिए एक खास ऑफर भी दे रही है। इसके तहत नए यूजर्स को शुरुआती ₹1 में 24 दिनों तक रोजाना 1GB डेटा, 100 SMS और अनलिमिटेड वॉयस कॉल का लाभ मिलने की बात कही गई है। यह ऑफर सिर्फ नए ग्राहकों के लिए है।
