Bhind Road Accident : घर की दहलीज तक पहुंचने से पहले थम गईं 8 जिंदगियां! धान की रोपाई कर घर लौट रहे थे सभी मजदूर, गांवों में मचा कोहराम
मध्य प्रदेश में धान की रोपाई पूरी कर लखीमपुर खीरी लौट रहे मजदूरों की पिकअप भिंड में डंपर से टकरा गई। हादसे में आठ मजदूरों की मौत और 23 लोग घायल हो गए। दो मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है।
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार : रोजी-रोटी के लिए मध्य प्रदेश गए मजदूरों को क्या पता था कि घर लौटने की उनकी आस रास्ते में ही दम तोड़ देगी। धान की रोपाई का काम पूरा कर अपने घरों की ओर लौट रहे मजदूरों से भरा वाहन मंगलवार देर शाम भिंड नेशनल हाईवे-719 पर गोहद चौराहा थाना क्षेत्र के छीमका गांव के पास भीषण हादसे का शिकार हो गया। दुर्घटना में लखीमपुर खीरी के आठ मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 23 लोग घायल हो गए। हादसे की खबर जैसे ही मजदूरों के गांवों में पहुंची, चीख-पुकार मच गई। कई परिवारों की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं।
जिले के अवग-अलग गांवों से बड़ी संख्या में मजदूर धान की रोपाई के लिए मध्य प्रदेश गए थे। मजदूरों ने गोदहा क्षेत्र में धान रोपाई का काम किया था। मंगलवार को काम पूरा करने के बाद सभी पिकअप वाहन में सवार होकर अपने घर लखीमपुर खीरी लौट रहे थे। बताते हैं कि भिंड नेशनल हाईवे-719 पर छीमका गांव के पास हाईवे पर बैठे पशुओं को बचाने के प्रायस में पिकअप और डंपर के बीच टक्कर हो गई।
हादसे में आठ लोगों की जान चली गई, करीब 25 लोग घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही लखीमपुर खीरी में मजदूरों के परिजनों में कोहराम मच गया। जिन घरों में अपनों के लौटने का इंतजार हो रहा था, वहां अचानक मातम छा गया। किसी परिवार ने अपना बेटा खोया तो किसी ने पति, भाई या पिता। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांवों में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। हादसे में जान गंवाने वाले आठ मजदूरों में से दो की अभी पहचान नहीं हो सकी है।

मृतकों के परिजन बुधवार सुबह ही शव लेने के लिए मध्य प्रदेश रवाना हो गए। वहीं घायलों के उपचार और उनकी स्थिति की जानकारी लेने के लिए भी परिजन लगातार संपर्क में हैं। एक हादसे ने कई परिवारों की जिंदगी बदल दी। जिन घरों में मजदूरों के लौटने का इंतजार था, वहां अब अपनों के शव पहुंचने की खबर ने हर किसी को गम में डुबो दिया है। हादसे के बाद पूरे लखीमपुर खीरी में शोक की लहर है।
इनकी हुई मौत
1.उपदेश पुत्र मोहन निवासी बेला तुरसिया थाना मोहम्मदी।
2.अमर सिंह पुत्र वंशीधर निवासी बेला तुरसिया थाना मोहम्मदी।
3.सुखदेव पुत्र कंचन निवासी बेला तुरसिया थाना मोहम्मदी।
4.गुड्डू पुत्र कंचन निवासी किशनपुर अजीत थाना पसगवां।
5.रजनीश पुत्र प्रहलाद पासी निवाीस बेला तुरसिया थाना मोहम्मदी।
6.सुभाष पुत्र कमलेश निवासी हना निउली थाना मोहम्मदी।
7. अज्ञात (शिनाख्त नहीं)
8.अज्ञात (शिनाख्त नहीं)
हादसे में घायलों की सूची
आदेश पासी, आकाश पुत्र रामसागर पासी, हंसराज पुत्र रामकिशन निवासी बैला तरसिया थाना मोहम्मदी, अक्षय पुत्र मुकेश पासी निवासी पिपरोल थाना उचैलिया, रामदास पुत्र बद्री निवासी किशनपुर अजीत थाना पसगवां, सोमपाल पुत्र कंचनपासी, कटन पुत्र रामेश्वरदयाल, रामकुमार पुत्र रामप्रसाद निवासी बैला तरसिया, रंजीत पुत्र गुड्डू निवासी किशनपुर अजीत, बालकिशन पुत्र रामचरन निवासी बैला तरसिया, अनिल कुमार पुत्र लेखराम पासी निवासी वासविरिया थाना हैदराबाद, शिवकुमार पुत्र राम दयाराम पासी निवासी बैला तुरसिया, देवेंद्र सिंह पुत्र शेर सिंह निवासी बैला तरसिया, अनूप कुमार पुत्र रामस्वरूप पासी निवासी रामपुर पटियात थाना खुचार जिला शाहजहांपुर, बेचेलाल पुत्र मिश्रीलाल निवासी बैला तरसिया, पिंकू पुत्र सुखदेव कुशवाह निवासी बैला तपसिया, नंदलाल पुत्र छैलबिहारी निवासी पसगवां, रमाकांत पुत्र कंचन निवासी बैला तरसिया, अखिलेश पुत्र गेंदालाल निवासी थाना व कस्बा पसगवां, विकास पुत्र सुरेश निवासी पसगवां, पवन पुत्र दिनेश जायव निवासी विज्जूपुरा डबरा, चालक महेश पुत्र चिरौंजी प्रजापति निवासी बैदारी थाना पोहरी जिला शिवपुरी आदि।
घर लौटने की खुशी मातम में बदली
एक हादसे ने लखीमपुर खीरी के कई परिवारों की जिंदगी बदल दी। जिन घरों में मजदूरों के लौटने का इंतजार था, वहां अब अपनों के शव पहुंचने की खबर से कोहराम मचा है। हादसे के बाद पूरे जिले में शोक की लहर है।
यह भी पढ़ें:-भिंड में मजदूरों से भरी पिकअप की डंपर से टक्कर, 8 की मौत; 25 घायल, CM योगी ने किया मुआवजे का ऐलान
