Raebareli News : रूपामऊ रेलवे स्टेशन के पास फौजी का शव मिलने से हड़कंप, ट्रेनिंग से लौट रहा था प्रयागराज

Amrit Vichar Network
On

ट्रेन से गिरने की आशंका, हर पहलू से जांच

रायबरेली के रूपामऊ रेलवे स्टेशन के पास मंगलवार सुबह भारतीय सेना के 22 वर्षीय जवान का शव रेलवे ट्रैक के किनारे मिला। जवान बरेली से ट्रेनिंग पूरी कर प्रयागराज अपनी पोस्टिंग पर लौट रहा था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

रायबरेली, अमृत विचार। मिल एरिया थाना क्षेत्र के रूपामऊ रेलवे स्टेशन के पास मंगलवार सुबह एक फौजी का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने रेलवे ट्रैक के किनारे शव पड़ा देखा तो पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस और जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

ट्रेनिंग पूरी कर प्रयागराज लौट रहा था जवान

मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान ध्रुव (22) पुत्र प्रवीण कुमार, निवासी कुशौली थाना क्षेत्र, हरियाणा के रूप में हुई है। ध्रुव भारतीय सेना में कार्यरत थे और उनकी वर्तमान पोस्टिंग प्रयागराज में बताई गई है। बताया गया कि ध्रुव बरेली में ट्रेनिंग पूरी करने के बाद ट्रेन से प्रयागराज अपनी ड्यूटी पर लौट रहे थे। इसी दौरान रूपामऊ रेलवे स्टेशन के पास उनका शव रेलवे ट्रैक के किनारे मिला। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

सुबह 6:30 बजे मिली शव की सूचना

मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे स्थानीय लोगों ने रेलवे पटरी के किनारे शव देखा और इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही जीआरपी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

ट्रेन से गिरने की आशंका, हर पहलू से जांच

जीआरपी थाना प्रभारी सचिन पटेल ने बताया कि जवान की मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि जवान चलती ट्रेन से गिरे या घटना के पीछे कोई अन्य वजह है। जवान के पास मिले दस्तावेजों के आधार पर पुलिस ने उनके परिजनों और संबंधित सैन्य अधिकारियों को घटना की सूचना दे दी है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

संबंधित समाचार