Moradabad News : YouTube पर 'iPhone' के लालच ने कराया कंगाल, 12वीं की छात्रा ने ठगों को सौंप दिए 18.47 लाख रुपये

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

मुरादाबाद में साइबर ठगी का बड़ा मामला, छात्रा ने मां-बुआ के खातों से ठगों को भेजे 18.47 लाख

मुरादाबाद में 16 वर्षीय छात्रा से YouTube वीडियो के ज़रिए 18.47 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। छात्रा ने लालच में आकर मां और बुआ के खातों से पैसे ट्रांसफर कर दिए। साइबर थाना पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।

मुरादाबाद, अमृत विचार। स्मार्टफोन और इंटरनेट के इस दौर में साइबर ठग मासूमों को फंसाने के लिए रोज नए तरीके अपना रहे हैं। मुरादाबाद जिले के मझोला थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां 12वीं कक्षा की एक 16 वर्षीय छात्रा iPhone मिलने और रकम दोगुनी होने के लालच में इस कदर फंसी कि उसने अपनी मां और बुआ के बैंक खातों से करीब 18.47 लाख रुपये ठगों को ट्रांसफर कर दिए। जब हकीकत सामने आई, तो परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई।

यूट्यूब वीडियो से शुरू हुआ था ठगी का खेल
मझोला थाना क्षेत्र निवासी और पेशे से फार्मा कंपनी में सीनियर एमआर (पिता) ने साइबर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि: बीते 9 जुलाई को उनकी बेटी मोबाइल पर YouTube देख रही थी। एक वीडियो में दावा किया गया था कि महज 799 रुपये ट्रांसफर करने पर रकम दोगुनी हो जाएगी और एक नया आईफोन भी दिया जाएगा। इसी लालच में आकर छात्रा ने बताए गए QR कोड पर 799 रुपये भेज दिए।

इंटरनेशनल गेटवे में रकम फंसने का दिया झांसा
799 रुपये भेजने के बाद छात्रा के व्हाट्सएप नंबर पर 'आदित्य शमशेर माला' नाम से एक मैसेज और लिंक आया। प्रोसेसिंग फीस के नाम पर उससे 16,998 रुपये और मंगवाए गए। इसके बाद भी न रकम वापस आई और न ही आईफोन मिला। जब छात्रा ने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी ने झांसा दिया कि पुरानी रकम वापस आ जाएगी, बस कुछ और पैसे भेजने होंगे। डरी-सहमी छात्रा ने 10 जुलाई से 7 अगस्त के बीच अपनी मां के दो खातों और बुआ के खाते से अलग-अलग क्यूआर कोड पर कुल 18 लाख 47 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। अंत में आरोपी ने कहा कि यह रकम 'इंटरनेशनल गेटवे' में फंस गई है और पैसों की मांग करने लगा। तब जाकर पीड़िता ने आपबीती अपने पिता को बताई।

गहरे डिप्रेशन में गई छात्रा, परिवार रख रहा कड़ी निगरानी
इस भारी भरकम रकम के गंवाने और ठगी का अहसास होने के बाद छात्रा गहरे सदमे में चली गई है। परिवार वालों का कहना है कि बेटी बहुत परेशान है और कई बार उसकी तबीयत बिगड़ चुकी है। उसे डॉक्टर को भी दिखाया गया है। अनहोनी की आशंका के चलते परिजन अब चौबीसों घंटे छात्रा की निगरानी कर रहे हैं।

"तहरीर के आधार पर मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। साइबर थाने की टीम ने विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस बैंक खातों और नंबरों को ट्रेस कर ठगों की गिरफ्तारी और पीड़ित की रकम वापस कराने की पूरी कोशिश में जुटी है।" - सुभाष चंद्र गंगवार, एसपी क्राइम, मुरादाबाद।

ये भी पढ़ें - Sambhal News : 57.80 लाख की वित्तीय गड़बड़ी: कमिश्नर हुए सख्त, जवाब न देने पर CDO को थमाया 'कारण बताओ' नोटिस

संबंधित समाचार