UP News : भाजपा विधायक विनोद सिंह पर महिला ने लगाया दुष्कर्म के प्रयास का आरोप, वीडियो वायरल

Amrit Vichar Network
Edited By Deepak Mishra
On

हजरतगंज पुलिस वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर कर रही आरोपों की जांच

लखनऊ में वायरल वीडियो में महिला ने सुलतानपुर के भाजपा विधायक विनोद सिंह पर दुष्कर्म के प्रयास, छेड़छाड़ और तेजाब फेंकने की धमकी के आरोप लगाए। विधायक ने आरोपों को बेबुनियाद बताया, पुलिस मामले की जांच कर रही है।

लखनऊ, अमृत विचार: हजरतगंज इलाके की एक महिला का वीडियो सोशल मीडिया पर मंगलवार को वायरल हुआ। वीडियो में महिला सुलतानपुर के भाजपा विधायक विनोद सिंह पर दुष्कर्म के प्रयास, छेड़छाड़, धमकी व बेटी पर तेजाब फेंकने की धमकी देने के आरोप लगा रही थी। उसने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से विधायक पर कार्रवाई की मांग की है।

उधर, हजरतगंज पुलिस के मुताबिक महिला और उसके पति पर विधायक की तरफ से पहले ही धोखाधड़ी का रिपोर्ट दर्ज है और उसकी विवेचना चल रही है। वायरल वीडियो में महिला का आरोप है कि वह और विधायक हजरतगंज में स्थित एक ही अपार्टमेंट में रहते थे। महिला के मुताबिक विधायक कई महीनों से उसके पीछे पड़े थे। एक दिन रात करीब 10 बजे विधायक ने अपने गनर के माध्यम से उसे जरूरी काम के बहाने बुलाया। उसके साथ छेड़छाड़ करते हुए दुष्कर्म का प्रयास किया। महिला ने आरोप लगाया कि पहले उसे प्रलोभन दिया गया। बात न मानने पर बर्बाद करने की धमकी दी गई।

5

महिला ने कहा कि विधायक के गनर ने उसके और उसकी बेटी के साथ सामूहिक दुष्कर्म कराने की धमकी दी। उसने अपना आवास बदल दिया। इसके बावजूद उसका पीछा करते रहे। फोन कर उसे व बेटी पर तेजाब फेंकने की धमकी दी गई। उसने फोन बंद कर दिया और लखनऊ से दिल्ली चली गई।

महिला के मुताबिक इस घटनाक्रम से उसकी बेटी की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। महिला ने वीडियो में कहा कि उसने हजरतगंज कोतवाली और महिला आयोग में शिकायत की थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। हालांकि महिला की तरफ से लगाए गए आरोपों की कोई भी तहरीर पुलिस को नहीं दी गई है। अब पुलिस उपलब्ध तथ्यों, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच करेगी।

महिला व उसके पति पर दर्ज है जालसाजी का मामला

हजरतगंज पुलिस के मुताबिक, महिला और उसके पति के खिलाफ कूटरचित एनओसी के माध्यम से वेयरहाउस निर्माण के नाम पर धोखाधड़ी का अभियोग पहले से दर्ज है। दोनों ने विवेचना से बचने के लिए उच्च न्यायालय में याचिका दायर की थी, जिसे न्यायालय ने निरस्त करते हुए उन्हें जांच में सहयोग करने के निर्देश दिए हैं।

विधायक बोले आरोप बेबुनियाद

भाजपा विधायक विनोद सिंह ने महिला के आरोपों को पूरी तरह तथ्यहीन और मनगढ़ंत बताया। बताया कि महिला के पति ने उनके साथ धोखाधड़ी की है। इसी मामले में हजरतगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराया गया है। विधायक के मुताबिक, गिरफ्तारी से बचने के लिए दोनों उनके खिलाफ बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं।

संबंधित समाचार