Rampur News : वाजिदपुर गांव में तालाब में डूबने से दो किशोरों की मौत
भोट थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर हुआ हादसा
रामपुर के वाजिदपुर गांव में बारिश के दौरान तालाब में नहाते समय 13 वर्षीय आमिर और 15 वर्षीय आलिम की डूबने से मौत हो गई। अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
रामपुर, अमृत विचार। थाना भोट क्षेत्र के वाजिदपुर गांव में मंगलवार दोपहर बारिश के दौरान तालाब में डूबने से दो किशोरों की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवारों में कोहराम मच गया है। दोनों किशोरों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल मोर्चरी पर भेजा गया है।
लोगों ने बताया कि वाजिदपुर निवासी मोहम्मद आमिर (13 वर्ष) और आलिम (15 वर्ष) बारिश में गांव के तालाब में नहा रहे थे। नहाते समय वे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद दोनों को तालाब से बाहर निकाला और जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर थाना भोट पुलिस भी जिला अस्पताल पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को मोर्चरी में रखवा दिया है और पंचनामा तथा पोस्टमार्टम की आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है। मृतक आमिर के पिता रईस राजमिस्त्री का काम करते हैं, और उनकी मां गृहिणी हैं। आमिर परिवार में चौथे नंबर का बेटा था। मृतक आलिम के पिता हसीन मजदूरी के लिए केरल गए हुए हैं। उन्हें हादसे की सूचना दे दी गई है।
ये भी पढ़ें - Rampur News : रामपुर में गोकशी के तीन आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार, दो के पैर में लगी गोली
