उन्नाव की गौशाला में 12 गोवंश की मौत, घोर लापरवाही आई सामने
उन्नाव, अमृत विचार : सिकंदरपुर सरोसी विकासखंड क्षेत्र के थाना गांव स्थित सरकारी वृहद् गोसंरक्षण केंद्र में घोर लापरवाही का मामला सामने आया है। इस गौशाला में 12 गोवंश की मौत हो गई।
हद तो तब हो गई जब मृत गोवंशों के शवों को समय पर नहीं हटाया गया। खुले में सड़ रहे शवों को आवारा कुत्ते व कौवे नोचते दिखे। इससे पूरे क्षेत्र में भीषण दुर्गंध फैल गई और आसपास के ग्रामीणों का सांस लेना दूभर हो गया।
यह दुर्दशा देख स्थानीय ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। ग्रामीणों का आरोप है कि गौशाला में लंबे समय से बदहाली का आलम है, लेकिन कई बार शिकायत के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों ने कोई ध्यान नहीं दिया। इसकी सूचना पर मुख्य पशुचिकित्साधिकारी (सीवीओ) डॉ. विनोद कुमार व बीडीओ ने मौके पर पहुंचकर गौशाला का निरीक्षण किया। जांच में गौशाला में भारी अव्यवस्थाएं मिलीं।
पशुओं के चारा खाने की नांदें पूरी तरह सूखी पड़ी थीं। भूसे या हरे चारे का कोई नामोनिशान नहीं था और मवेशियों को केवल मक्के का काटा हुआ चारा दिया जा रहा था। सीवीओ ने बदहाली पर नाराजगी जता एनजीओ कर्मियों को फटकार लगाई। अधिकारियों ने तुरंत मृत गोवंशों को दफनाने की व्यवस्था की है।
सीवीओ ने बताया कि गौशाला का संचालन शासन स्तर से चयनित एक संस्था द्वारा किया जा रहा है। निरीक्षण में मिली गंभीर कमियों की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर शासन को भेजी जा रही है। उसी आधार पर दोषी संस्था के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ेंः हर सिगरेट पीने वालों को क्यों नहीं होता कैंसर? कैंब्रिज यूनिवर्सिटी की रिसर्च में सामने आई बड़ी वजह
