Gonda News: 'सुविधा शुल्क' और अभद्र व्यवहार के आरोपों से घिरा पंडरी कृपाल बीईओ कार्यालय

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ ने सौंपा ज्ञापन, सहायक लेखाकार पर शिक्षकों से दुर्व्यवहार का आरोप; निष्पक्ष जांच की मांग

गोंडा, अमृत विचार। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ (प्राथमिक संवर्ग) की पंडरी कृपाल ब्लॉक इकाई ने खंड शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर बीईओ कार्यालय में बढ़ते भ्रष्टाचार, सुविधा शुल्क की कथित वसूली तथा सहायक लेखाकार महेश कुमार शुक्ला पर शिक्षकों के साथ अभद्र व्यवहार करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। संगठन ने मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।

शिक्षकों के आर्थिक और मानसिक शोषण का लगाया आरोप

महासंघ की ब्लॉक अध्यक्ष अरुणिमा शाही की ओर से दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि कार्यालय में सुविधा शुल्क की प्रवृत्ति लगातार बढ़ रही है, जिससे शिक्षकों का आर्थिक और मानसिक शोषण हो रहा है। आरोप लगाया गया कि कार्यालय में कार्यरत सहायक लेखाकार शिक्षकों से आदेशात्मक और तंज भरे लहजे में बात करते हैं तथा महिला शिक्षिकाओं को भी अपमानजनक व्यवहार का सामना करना पड़ता है।

12 जुलाई की घटना का भी किया गया उल्लेख

ज्ञापन में 12 जुलाई की एक घटना का भी उल्लेख किया गया है। संगठन के अनुसार, एक शिक्षिका की समस्या के समाधान के लिए विनम्रतापूर्वक अनुरोध करने पर सहायक लेखाकार ने कथित तौर पर ब्लॉक अध्यक्ष से कहा, "पैरवी करने आई हो तो उनका काम आप ही कर दो।" महासंघ ने इसे शिक्षक संगठन और शिक्षकों के सम्मान का अपमान बताया है।

कार्रवाई नहीं होने पर उच्च अधिकारियों से शिकायत की चेतावनी

संगठन ने खंड शिक्षा अधिकारी से कार्यालय में शालीन कार्यसंस्कृति स्थापित करने, कर्मचारियों को ईमानदार एवं सम्मानजनक व्यवहार के निर्देश देने तथा पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि उचित कार्रवाई नहीं हुई तो मामला उच्च अधिकारियों के समक्ष उठाया जाएगा। इस संबंध में खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. समय प्रसाद पाठक ने बताया कि शिकायत मिली है। मामले की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें : 
Gonda News: खतरे के निशान से ऊपर बह रही घाघरा, कटान से खेत और पेड़ नदी में समाए

संबंधित समाचार