Varanasi News : दशाश्वमेध घाट की सीढ़ियों तक पहुंचा पानी, गंगा का जलस्तर बढ़ने से 5वीं बार बदला आरती का स्थान 

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

अब गंगा सेवा निधि कार्यालय की छत पर होगी आरती, शवदाह घाट भी किए गए स्थानांतरित

वाराणसी में गंगा का जलस्तर बढ़ने से दशाश्वमेध घाट पर विश्व प्रसिद्ध गंगा आरती का स्थल पांचवीं बार बदलना पड़ा। अब गंगा सेवा निधि कार्यालय की छत पर आरती होगी। मणिकर्णिका और हरिश्चंद्र घाट पर शवदाह स्थल भी स्थानांतरित किए गए हैं।

वाराणसी, अमृत विचार। वाराणसी में गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ने से घाटों की स्थिति बदल गई है। बढ़ते जलस्तर के कारण दशाश्वमेध घाट पर होने वाली विश्व प्रसिद्ध गंगा आरती का स्थल एक बार फिर बदलना पड़ा है। अब गंगा सेवा निधि कार्यालय की छत पर गंगा आरती कराई जा रही है।

Manikarnika

इस वर्ष जलस्तर बढ़ने के कारण आरती का स्थल पांचवीं बार बदला गया है। वहीं, गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए मणिकर्णिका और हरिश्चंद्र घाट पर शवदाह स्थल भी स्थानांतरित कर दिए गए हैं। घाटों की सीढ़ियां पानी में डूबने से श्रद्धालुओं और अन्य लोगों के लिए उपलब्ध जगह लगातार कम होती जा रही है।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए बदला आरती स्थल

गंगा सेवा निधि के अध्यक्ष सुशांत मिश्रा ने बताया कि गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। घाट की सीढ़ियां जलमग्न होने के कारण श्रद्धालुओं के लिए जगह सीमित हो गई थी। वहीं, गंगा आरती में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सोमवार शाम से गंगा सेवा निधि कार्यालय की छत पर आरती कराने का निर्णय लिया गया। उन्होंने बताया कि बढ़ते जलस्तर के कारण इस वर्ष अब तक पांच बार आरती का स्थल बदला जा चुका है।

65 मीटर के पार पहुंचा गंगा का जलस्तर

केंद्रीय जल आयोग के अनुसार मंगलवार को गंगा का जलस्तर 65 मीटर से ऊपर दर्ज किया गया। जलस्तर में लगातार वृद्धि से घाटों और आसपास के इलाकों में चिंता बढ़ गई है। गंगा के साथ वरुणा नदी का जलस्तर भी तेजी से बढ़ रहा है। वरुणा तटवर्ती इलाकों में पानी अब घरों की ओर बढ़ने लगा है। सलारपुर क्षेत्र के कुछ मकानों तक बाढ़ का पानी पहुंचने की जानकारी सामने आई है।

जल पुलिस ने नाव संचालन कराया बंद

गंगा का जलस्तर बढ़ने के बाद जल पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर नावों का संचालन पूरी तरह बंद करा दिया है। घाटों पर स्थित और आसपास के कई मंदिर भी पानी में डूब गए हैं। जलस्तर बढ़ने के कारण कई घाटों का आपसी संपर्क भी टूट गया है।

घाटों पर बढ़ी निगरानी

गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है। श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को जलमग्न हिस्सों में जाने से रोका जा रहा है। प्रशासन और संबंधित विभाग जलस्तर की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

ये भी पढ़े : 
Prayagraj News : मूसलाधार बारिश से जलमग्न हुई संगमनगरी, करेली में नाव से निकाले गए लोग; जार्जटाउन थाना तीसरी बार डूबा

संबंधित समाचार