Shravasti News : सावन सोमवार पर श्रावस्ती के शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब, विभूतिनाथ-बनीनाथ महादेव मंदिर में गूंजा हर-हर महादेव

Amrit Vichar Network
On

भोर चार बजे खुला मंदिर का कपाट, जलाभिषेक के लिए बाहर तक लगी कतारें

सावन के तीसरे सोमवार और नागपंचमी पर श्रावस्ती के बाबा विभूतिनाथ मंदिर में बारिश के बावजूद हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। सुबह चार बजे कपाट खुलते ही जलाभिषेक के लिए लंबी कतारें लग गईं। वहीं बनीनाथ महादेव मंदिर में सीआरवी इंटर कॉलेज की छात्राओं ने रैली निकालकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया।

सिरसिया/इकौना (श्रावस्ती), अमृत विचार। सावन के तीसरे सोमवार और नागपंचमी के अवसर पर श्रावस्ती के प्रमुख शिवालयों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सिरसिया स्थित पांडवकालीन बाबा विभूतिनाथ मंदिर में रिमझिम बारिश के बावजूद भोर से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने लगी। मंदिर का कपाट सुबह चार बजे खुलते ही भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए भक्तों की लंबी कतार लग गई। मंदिर परिसर से लेकर बाहर तक श्रद्धालु ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयकारे लगाते नजर आए।

बारिश भी नहीं रोक सकी शिवभक्तों के कदम

सावन के तीसरे सोमवार और नागपंचमी पर श्रावस्ती के अलावा आसपास के जिलों और दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा विभूतिनाथ के दर्शन करने पहुंचे। रिमझिम बारिश के बीच शिवभक्तों ने भगवान शिव का जल और दूध से अभिषेक किया। इसके साथ ही बेलपत्र, धतूरा, पुष्प और अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसर में महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं की भी बड़ी संख्या में मौजूदगी रही। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा।

सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग की गई और श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग प्रवेश और निकास मार्ग बनाए गए।

पुलिसकर्मी लगातार निगरानी करते रहे। मंदिर परिसर में साफ-सफाई, पेयजल समेत अन्य जरूरी व्यवस्थाएं भी की गईं। प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए। पुलिस-प्रशासन की मुस्तैदी से श्रद्धालुओं को दर्शन और जलाभिषेक में किसी बड़ी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।

3

इकौना : बनीनाथ महादेव मंदिर में छात्राओं ने किया जलाभिषेक

इकौना। बौद्ध तपोस्थली श्रावस्ती स्थित पांडवकालीन बनीनाथ महादेव मंदिर में भी सावन के तीसरे सोमवार को श्रद्धा का माहौल रहा। सीआरवी इंटर कॉलेज की छात्राओं ने प्रधानाचार्य राजेश कुमार यादव की अध्यक्षता में मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से भगवान शिव का पूजन और जलाभिषेक किया।

इससे पहले छात्राओं ने विद्यालय से मंदिर तक रैली निकाली। नवनिधि फाउंडेशन दिल्ली के अध्यक्ष सर्वेश मिश्रा ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। छात्राएं ‘ॐ नमः शिवाय’ का उद्घोष करते हुए मंदिर पहुंचीं और भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया।

पांडवकालीन मंदिर की रक्षा का लिया संकल्प

नवनिधि फाउंडेशन के अध्यक्ष सर्वेश मिश्रा ने कहा कि बनीनाथ महादेव मंदिर पांडवकालीन है। इसकी रक्षा करना सभी सनातन धर्मावलंबियों का कर्तव्य है। उन्होंने लोगों से अपनी जिम्मेदारी निभाने और धार्मिक स्थलों के संरक्षण के प्रति सजग रहने की अपील की। इस मौके पर विधानाचार्य अनोखी लाल पाठक, मंदिर पुजारी भोलानाथ, शशि भूषण शुक्ला, प्रवीण कुमार बौद्ध और जानकी प्रसाद वर्मा समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें:-Shravasti News : श्रावस्ती में कोटेदारों को बड़ा तोहफा, लाभांश ₹90 से बढ़कर ₹125 प्रति क्विंटल, ई-पॉस फीडबैक सिस्टम शुरू

संबंधित समाचार