Unnao News : मिट्टी खनन से बने तालाब में डूबकर युवक की हुई मौत, परिवार में मचा कोहराम
सफीपुर के देवगांव के मजरा मद्दूखेड़ा में हादसा, पैर फिसलने से 15-20 फीट गहरे पानी में गिरा युवक
उन्नाव के सफीपुर कोतवाली क्षेत्र के देवगांव के मजरा मद्दूखेड़ा में सोमवार भोर युवक की तालाब में डूबने से मौत हो गई। 35 वर्षीय सुरेंद्र शौच के लिए तालाब किनारे गया था, तभी पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया। ग्रामीणों के मुताबिक गंगा एक्सप्रेसवे निर्माण के लिए मिट्टी निकाले जाने से तालाब की गहराई 15 से 20 फीट तक हो गई थी।
सफीपुर/उन्नाव, अमृत विचार। कोतवाली क्षेत्र के गांव देवगांव के मजरा मद्दूखेड़ा में सोमवार भोरपहर शौच के लिए तालाब किनारे गए 35 वर्षीय युवक की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
देवगांव के मजरा मद्दूखेड़ा निवासी सुरेंद्र पुत्र श्रीराम सोमवार भोरपहर गांव के बाहर शौच के लिए गया था। तभी तालाब किनारे उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। बताया गया कि गंगा एक्सप्रेस-वे निर्माण के लिए मिट्टी निकाले जाने से यहां तालाब की गहराई 15 से 20 फीट तक हो गई है। जिससे युवक गहरे पानी में डूब गया और उसकी मौत हो गई।
सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। वह 4 भाई-बहनों में दूसरे नंबर का था। उसकी मौत से पत्नी सीमा व 12 वर्षीय पुत्र काशी रो-रोकर बेहाल है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
