Gonda News : शादी का झांसा देकर तीन साल तक संबंध बनाने का आरोप, नवजात बच्ची को जिंदा दफनाने की शिकायत

Amrit Vichar Network
On

एसपी से मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग; पुलिस ने शुरू की जांच

गोंडा के कटरा बाजार थाना क्षेत्र की एक युवती ने गांव के युवक समेत चार लोगों पर शादी का झांसा देकर करीब तीन साल तक संबंध बनाने, गर्भपात के लिए दबाव डालने और नवजात बच्ची को कथित रूप से जिंदा दफनाने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए जांच शुरू कर दी है।

करनैलगंज/गोंडा, अमृत विचार। कटरा बाजार थाना क्षेत्र के निन्दूरा गांव की एक युवती ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर गांव के ही एक युवक समेत चार लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती का आरोप है कि युवक ने शादी का झांसा देकर करीब तीन साल तक उसके साथ संबंध बनाए।

गर्भवती होने पर गर्भपात कराने का दबाव बनाया गया और बाद में जबरन गर्भपात कराने के दौरान जन्मी नवजात बच्ची को जीवित दफन कर दिया गया। पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।

 पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में युवती ने बताया कि गांव के युवक ने उसे प्रेम जाल में फंसाकर शादी करने का भरोसा दिलाया। इसके बाद करीब तीन साल तक उसके साथ संबंध बनाए। युवती के अनुसार, गर्भवती होने की जानकारी युवक को देने पर उसने गर्भपात कराने का दबाव बनाया। जब उसने शादी के लिए दबाव बनाया तो युवक उसे अपने घर ले गया।

आरोप है कि इसके बाद युवक, उसकी मां, बहन और भाई उसे बहराइच के भगड़वा क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल ले गए। युवती के मुताबिक, अस्पताल में उसने एक बच्ची को जन्म दिया। आरोप है कि प्रसव के बाद बच्ची को उससे छीन लिया गया और उसे जीवित ही दफन कर दिया गया। युवती ने विरोध किया तो उसके साथ मारपीट कर अस्पताल से बाहर निकालने का आरोप लगाया है।

शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी का आरोप

पीड़िता का यह भी आरोप है कि घटना की शिकायत करने पर आरोपियों की ओर से उसे जान से मारने की धमकी दी गई। मामले को लेकर युवती ने पुलिस अधीक्षक से जांच कराकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। कटरा बाजार थाना प्रभारी मनोज कुमार पाठक ने बताया कि युवती की ओर से प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ है। मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें:-Sitapur News: जमीन विवाद में 25 राउंड फायरिंग का खुलासा, IPS मयंक बाजपेई के पिता समेत 10 गिरफ्तार

संबंधित समाचार