Sawan Somwar : कांवड़ियों की भीड़ से पहले दूधेश्वरनाथ मंदिर में बढ़ी सुरक्षा, जानें क्या किए गए इंतजाम

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

गाजियाबाद के दूधेश्वरनाथ मंदिर में कांवड़ियों की संभावित भीड़ को देखते हुए पुलिस अलर्ट, कंट्रोल रूम और सुरक्षा व्यवस्था का किया गया निरीक्षण

गाजियाबाद, अमृत विचार। सावन में बड़ी संख्या में कांवड़ियों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए गाजियाबाद के प्रसिद्ध श्री दूधेश्वरनाथ मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत कर दी गई है। पुलिस-प्रशासन ने मंदिर परिसर में भीड़ प्रबंधन, निगरानी और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं।

अतिरिक्त पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं यातायात राजकरन नैय्यर ने सोमवार को श्री दूधेश्वरनाथ मंदिर का निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। उन्होंने मंदिर परिसर और आसपास तैनात पुलिसकर्मियों की ड्यूटी चेक की और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी जानकारी ली।

कंट्रोल रूम का भी किया निरीक्षण

निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस आयुक्त ने मंदिर के कंट्रोल रूम का भी जायजा लिया। उन्होंने निगरानी व्यवस्था और सुरक्षा तैयारियों की जानकारी संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों से ली। उन्होंने निर्देश दिए कि मंदिर में आने-जाने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी तरह की लापरवाही न हो।

संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश

अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को देने और जरूरत पड़ने पर त्वरित कार्रवाई करने को कहा गया।

पुलिस प्रशासन ने भीड़ बढ़ने की स्थिति में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षित आवागमन और प्रभावी निगरानी पर विशेष जोर दिया है। अधिकारियों ने सभी संबंधित टीमों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का कहना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है।

ये भी पढ़े : 
Bahraich News: फूलन देवी की जयंती पर सपा कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा, संघर्ष और सामाजिक न्याय को किया याद

संबंधित समाचार