Barabanki News : यूपी टी20 लीग के प्रमोशन में युवा क्रिकेटर अमान पहुंचे बाबा गुरुकुल अकादमी, छात्रों से साझा किए सफलता के मंत्र
क्रिकेटर अमान ने विद्यार्थियों को नियमित अभ्यास, फिटनेस और अनुशासन का बताया महत्व
यूपी टी20 लीग सीजन-4 के प्रमोशन के तहत युवा क्रिकेटर अमान बाराबंकी के बाबा गुरुकुल अकादमी पहुंचे। उन्होंने छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए क्रिकेट में सफलता के लिए नियमित अभ्यास, अनुशासन, फिटनेस, टीम भावना और आत्मविश्वास को जरूरी बताया। कार्यक्रम में अंडर-15 महिला क्रिकेट खिलाड़ी आकांक्षा पाण्डेय ने अमान से क्रिकेट की बारीकियों पर मार्गदर्शन लिया।
बाराबंकी, अमृत विचार। यूपी टी20 लीग सीजन-4 के प्रमोशन के क्रम में युवा क्रिकेटर अमान ने बाबा गुरुकुल अकादमी पहुंचकर छात्र-छात्राओं से संवाद किया। विद्यालय परिवार ने उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। अमान ने विद्यार्थियों को क्रिकेट में आगे बढ़ने के लिए नियमित अभ्यास, अनुशासन, फिटनेस, टीम भावना और आत्मविश्वास को सफलता की कुंजी बताया।

विद्यालय प्रबंधक हरपाल सिंह ने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ खेलों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। प्रधानाचार्या सुप्रिया पाण्डेय ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार करते हैं तथा अमान के अनुभव साझा करने पर आभार जताया।

अंडर-15 क्रिकेटर आकांक्षा पाण्डेय रहीं आकर्षण का केंद्र
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण विद्यालय की प्रतिभावान महिला क्रिकेट खिलाड़ी आकांक्षा पाण्डेय रहीं। अंडर-15 स्तर की क्रिकेट खिलाड़ी आकांक्षा ने अमान से क्रिकेट की बारीकियों और आगे बढ़ने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन प्राप्त किया। विद्यालय परिवार ने उनकी खेल प्रतिभा पर गर्व जताते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह रहा।
यह भी पढ़ें:-हर जिले के कॉलेज-यूनिवर्सिटी में होगी अभ्युदय कोचिंग, UPSC से NEET-JEE तक की तैयारी कराएगी सरकार: CM योगी
