Shravasti News : इकौना में छात्रों ने निकाली शिव भक्ति रैली, प्राचीन बनीनाथ महादेव मंदिर में किया जलाभिषेक

Amrit Vichar Network
On

चौधरी राम बिहारी बुद्ध इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने लगाए ‘हर-हर महादेव’ के जयकारे

श्रावस्ती के इकौना क्षेत्र में सावन के दूसरे सोमवार को चौधरी राम बिहारी बुद्ध इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने शिव भक्ति रैली निकाली। रैली बौद्ध तपोस्थली स्थित प्राचीन बनीनाथ महादेव मंदिर पहुंची, जहां विद्यार्थियों ने विधि-विधान से पूजा कर जलाभिषेक किया। इस दौरान ‘हर-हर महादेव’ और ‘ॐ नमः शिवाय’ के जयकारों से माहौल भक्तिमय हो गया।

इकौना (श्रावस्ती), अमृत विचार। सावन के द्वितीय सोमवार के अवसर पर चौधरी राम बिहारी बुद्ध इंटर कॉलेज कटरा के छात्र-छात्राओं ने शिव भक्ति रैली निकाली। रैली बौद्ध तपोस्थली स्थित बनीनाथ महादेव मंदिर पहुंची, जहां विद्यार्थियों ने विधि-विधान से भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर जलाभिषेक किया।

0

हरी झंडी दिखाकर रवाना हुई शिव भक्ति रैली

रैली को उत्तर प्रदेश सीनियर बेसिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष बीनू सिंह राजपूत और विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेश कुमार यादव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली पुरानी वर्मा मंदिर से शुरू होकर तपोस्थली के प्रमुख मार्गों से होते हुए बनीनाथ महादेव मंदिर पहुंची। रैली के दौरान छात्र-छात्राओं ने ‘हर-हर महादेव’ और ‘ॐ नमः शिवाय’ के जयकारे लगाए। इससे पूरा वातावरण शिवमय हो गया।

प्राचीन मंदिर में छात्रों ने किया जलाभिषेक

मंदिर पहुंचने के बाद विद्यार्थियों ने भगवान शिव का विधि-विधान से पूजन किया और शिवलिंग पर जलाभिषेक किया। इस दौरान विद्यालय के शिक्षकों और अन्य लोगों ने भी विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया। पंडित अनोखी लाल पाठक ने बताया कि बनीनाथ महादेव मंदिर क्षेत्र का अति प्राचीन धार्मिक स्थल है। मान्यता के अनुसार मंदिर का निर्माण पांडवों ने कराया था। मंदिर को पुरातत्व विभाग द्वारा संरक्षित बताया जाता है और वर्ष 2002 में पुरातत्व विभाग के अधिकारियों ने यहां संरक्षण संबंधी कार्यों की देखरेख की थी।

0

जलाभिषेक से मनोकामना पूरी होने की मान्यता

पंडित अनोखी लाल पाठक ने बताया कि धार्मिक मान्यता है कि यहां श्रद्धापूर्वक जलाभिषेक करने वाले श्रद्धालुओं की मनोकामना पूर्ण होती है। मंदिर परिसर में स्थानीय लोगों की ओर से समय-समय पर मेला, भंडारा और मुंडन संस्कार भी आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने बताया कि कजली तीज और महाशिवरात्रि के अवसर पर यहां बड़े मेले का आयोजन होता है, जिसमें आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इस मौके पर प्रवीण कुमार बौद्ध, शिक्षक संतोष कुमार यादव समेत विद्यालय के शिक्षक और अन्य लोग मौजूद रहे।

संबंधित समाचार