राम मंदिर चढ़ावा चोरी कांड : आज SBI लॉकर पहुंचेगी SIT, सोने-चांदी की ईंटों और बहुमूल्य आभूषणों का होगा मिलान

Amrit Vichar Network
Edited By Deepak Mishra
On

ट्रस्ट के रिकॉर्ड से मिलाई जाएंगी बैंक लॉकर में सुरक्षित कीमती वस्तुएं, जांच प्रक्रिया के दौरान बैंक और ट्रस्ट के अधिकारी रहेंगे मौजूद।

अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बहुमूल्य संपत्तियों की जांच के तहत एसआईटी मंगलवार को एसबीआई के बैंक लॉकर का निरीक्षण करेगी। सोने-चांदी की ईंटों, आभूषणों और अन्य कीमती वस्तुओं का ट्रस्ट रिकॉर्ड से मिलान किया जाएगा।

अयोध्या, अमृत विचार : एसआईटी मंगलवार को भारतीय स्टेट बैंक के लॉकर में सुरक्षित श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बहुमूल्य संपत्तियों की जांच करेगी। इस दौरान लॉकर में रखी सोने-चांदी की ईंटों, बहुमूल्य आभूषणों और अन्य कीमती वस्तुओं का मिलान ट्रस्ट के अभिलेखों से किया जाएगा। इससे पूर्व सोमवार को भी ट्रस्ट के अंतरिम महासचिव कृष्ण मोहन बैंक पहुंचे पर करीब 12 घंटे बैंक में रहे।

ध्यान रहे कि कृष्ण मोहन शनिवार को भी बैंक में 12 घंटे से ज्यादा समय तक रहे। वहीं, सोमवार की सुबह करीब नौ बजे ही महासचिव मंदिर व्यवस्था के सहयोगी वीरेंद्र कुमार, एकाउटेंट चंदन, जगदीश आफले व अन्य वित्तीय व्यवस्था के सहयोगियों साथ एसबीआई की नयाघाट शाखा में पहुंचे। हालांकि अंदर क्या हुआ इसकी जानकारी नहीं दी गई। सूत्र बताते हैं कि उक्त सभी लोग बैंक के अधिकारियों के साथ बैंक लॉकर कक्ष में मौजूद थे। 

बताया जा रहा है कि ट्रस्ट के रिकॉर्ड के अनुसार लॉकर में रखे आभूषणों व अन्य कीमती वस्तुओं का मिलान किया जाता रहा। बताया जा रहा है कि शनिवार को भी उक्त सभी लोग सुबह नौ बजे से रात 10 बजे तक बैंक में रहे थे। बताया जा रहा है कि ट्रस्ट इन सभी संपत्तियों का ब्यौरा तैयार कर रहा है। साथ ही लॉकर में रखें सामानों का शुद्धता का परीक्षण भी कर रहा है। जानकारी के अनुस़ार इस पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई है।

ध्यान रहे कि आज मंगलवार को एसआईटी बैंक पहुंचेगी। इसमें वह देखेगी कि बैंक लॉकर में सुरक्षित सभी स्वर्ण-रजत सामग्री, आभूषण और अन्य मूल्यवान वस्तुएं रिकॉर्ड के अनुरूप मौजूद हैं या नहीं। यदि किसी प्रकार का अंतर मिलता है तो उसकी जांच की जाएगी। जांच के दौरान बैंक अधिकारी व ट्रस्ट के पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे।

संबंधित समाचार