सुलतानपुर : महिला और पुरुष की संदिग्ध मौत, आम के पेड़ से लटके मिले दोनों के शव
गोसाईगंज के वैदहा सुकरहिया गांव की घटना, पुलिस प्रेम प्रसंग सहित सभी पहलुओं की कर रही जांच
गोसाईगंज, सुलतानपुर, अमृत विचार : गोसाईगंज थाना क्षेत्र के वैदहा सुकरहिया गांव में सोमवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब एक आम के पेड़ से विधवा महिला और एक अधेड़ का शव फंदे से लटकता मिला।
सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। दोनों शवों को नीचे उतरवाकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। प्रथम दृष्टया मामले को प्रेम प्रसंग से जोड़कर देखा जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
गांव निवासी लालती (48) पत्नी स्वर्गीय धनेश्वर रविवार रात करीब साढ़े 11 बजे टॉर्च लेकर घर से निकली थीं। देर रात तक वापस न लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। सोमवार सुबह उनकी बेटी रानी ने गोसाईगंज थाने में मां की गुमशुदगी की सूचना दी।
दोपहर करीब ढाई बजे खेत देखने गए एक किसान ने गांव के बाग में आम के पेड़ से लालती और गांव निवासी संघीराम का शव फंदे से लटकता देखा। सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई।
थानाध्यक्ष अखण्डदेव मिश्रा पुलिस व फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वीडियोग्राफी के बीच दोनों शवों को नीचे उतारा गया। जांच के दौरान लालती और संघीराम के गले पर फंदे के निशान मिले, जबकि संघीराम के पैर के निचले हिस्से पर खरोंच और खून जमा होने के निशान पाए गए। मौके से एक टॉर्च तथा मृतक की जेब से गुटखा और कुछ नकदी बरामद हुई।
देर शाम अपर पुलिस अधीक्षक वृजनारायण सिंह और क्षेत्राधिकारी सुनील कुमार सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी ली। थानाध्यक्ष अखण्डदेव मिश्रा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर घटना की वास्तविकता का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें : UP Monsoon Session : यूपी विधान परिषद में उठा अवैध निर्माण का मुद्दा, 4.32 लाख भवनों पर सवाल
