कानपुर : रिटायर्ड इंस्पेक्टर के घर दिनदहाड़े डकैती, बहू और पोते को बंधक बनाया

Amrit Vichar Network
Edited By Virendra Pandey
On

कानपुर, अमृत विचार : चकेरी के श्यामनगर में सोमवार दोपहर तीन बदमाशों ने रिटायर्ड इंस्पेक्टर के घर धावा बोल दिया। छह फीट ऊंची दीवार फांदकर घर में घुसे बदमाशों ने खाना बना रही बहू और 16 वर्षीय पोते को तमंचा और चाकू दिखाकर बंधक बना लिया। दोनों के मुंह में रुमाल ठूंसकर टेप चिपका दिया और हाथ बांध दिए।

इसके बाद करीब 45 मिनट तक बदमाशों ने घर की अलमारियां और कमरों की तलाशी ली। आरोप है कि बदमाश करीब 10 लाख रुपये के जेवर, 1.5 लाख रुपये नकद और अन्य सामान लूटकर फरार हो गए।

श्यामनगर के सी ब्लॉक निवासी रिटायर्ड इंस्पेक्टर जयनारायण त्रिपाठी की दो साल पहले बीमारी से मौत हो चुकी है। उनकी पत्नी लल्ली त्रिपाठी इन दिनों छोटे बेटे के पास हरदोई गई हैं। घर में उनका बड़ा बेटा शरद चंद्र त्रिपाठी, पत्नी रचना और 16 वर्षीय बेटा देवांश रहते हैं। शरद एक निजी स्कूल में गणित के शिक्षक हैं। सोमवार सुबह शरद स्कूल चले गए थे। दोपहर करीब 12 बजे तीन बदमाश दीवार फांदकर घर में दाखिल हुए। उस समय रचना किचन में खाना बना रही थीं। 

आरोप है कि एक बदमाश ने उनकी कनपटी पर तमंचा लगा दिया। विरोध करने पर मुंह में रूमाल ठूंसकर टेप लगा दिया और हाथ पीछे बांध दिए। इसके बाद बदमाशों ने ड्राइंग रूम में मौजूद देवांश को भी तमंचा और चाकू दिखाकर बंधक बना लिया। वहीं देवांश के हाथ और गले में भी चोट के निशान देखने को मिले है।

जानकारी मिलते ही चकेरी पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को पीड़िता का मोबाइल मुरलीधाम के पास सड़क किनारे पड़ा मिला। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। शुरुआती फुटेज में तीनों संदिग्ध वारदात के बाद रक्षा विहार की ओर जाते दिखाई दिए हैं।

चाबी लेकर अलमारी खंगाली
देवांश ने बताया कि बदमाशों ने जान से मारने की धमकी देकर अलमारी की चाबी ले ली। इसके बाद सोने-चांदी के जेवर और नकदी समेट ली। जाते समय बदमाश मां रचना के कान के कुंडल, नाक की कील, मंगलसूत्र और पैरों की बिछिया भी उतरवा ले गए। करीब 45 मिनट तक घर में रहने के बाद बदमाश मां-बेटे को किचन में बंद कर फरार हो गए।

कामवाली पहुंची तो खुला दरवाजा
वारदात के करीब आधे घंटे बाद कामवाली प्रियंका अपने पति के साथ घर पहुंची। किचन का दरवाजा बंद मिलने पर उन्होंने दरवाजा खोला और दोनों के हाथ खोले। मुंह पर लगी टेप और रूमाल हटाने के बाद पुलिस को सूचना दी।

बदमाशों की तलाश में पुलिस की टीमें लगाई गई हैं और शहरभर में चेकिंग कराई जा रही है। - रघुवीर लाल, पुलिस कमिश्नर कानपुर

यह भी पढ़ें : UP Monsoon Session : यूपी विधान परिषद में उठा अवैध निर्माण का मुद्दा, 4.32 लाख भवनों पर सवाल

संबंधित समाचार