शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों ने बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह से की मुलाकात, सौंपा ज्ञापन

Amrit Vichar Network
Edited By Virendra Pandey
On

प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री को बताया कि भर्ती प्रक्रिया में आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों के साथ हुई कथित विसंगतियों को दूर करने के लिए राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग ने अपनी संस्तुतियां सरकार को भेजी हैं। उन्होंने आयोग की सिफारिशों के अनुरूप शीघ्र निर्णय लेकर प्रभावित अभ्यर्थियों को न्याय दिलाने की मांग की।

लखनऊ, अमृत विचार : 68500 शिक्षक भर्ती में आरक्षण संबंधी मुद्दों को लेकर अभ्यर्थियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार शाम को उत्तर प्रदेश के बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह से मुलाकात की।

इस दौरान अभ्यर्थियों ने राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग की संस्तुतियों की प्रति और अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन मंत्री को सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री को बताया कि भर्ती प्रक्रिया में आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों के साथ हुई कथित विसंगतियों को दूर करने के लिए राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग ने अपनी संस्तुतियां सरकार को भेजी हैं। उन्होंने आयोग की सिफारिशों के अनुरूप शीघ्र निर्णय लेकर प्रभावित अभ्यर्थियों को न्याय दिलाने की मांग की।

बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने अभ्यर्थियों की बात गंभीरता से सुनी और उन्हें आश्वस्त दिया कि आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को उनके संवैधानिक और वैधानिक अधिकारों का पूरा लाभ मिलना चाहिए।

उन्होंने कहा कि 68500 शिक्षक भर्ती के संबंध में राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग की संस्तुतियों पर सरकार गंभीरता से विचार कर रही है तथा अभ्यर्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए उचित निर्णय लेकर कार्यवाही करेगी।

मंत्री ने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश की योगी सरकार दलितों पिछड़ों के साथ है और राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के आदेश का अनुपालन करेगी।

अभ्यर्थी तूफान सिंह ने कहा कि राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग उत्तर प्रदेश लखनऊ की संस्तुति के अनुसार अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों को 68,500 शिक्षकों की भर्ती परीक्षा के उत्तीर्णांक में 5 प्रतिशत की छूट देते हुए पूर्णांक 150 में 60 अंक अर्थात 40 प्रतिशत पर परिणाम संशोधित करा कर नई सूची जारी करें।

उन्होंने बताया की 68,500 सहायक शिक्षक भर्ती 2018 के संबंध में राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग उत्तर प्रदेश लखनऊ द्वारा अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों को उत्तीर्णांक में 5 प्रतिशत की छूट प्रदान किए जाने एवं सफल अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने की संस्तुति की गई है। जिसमें ओबीसी अभ्यर्थियों के साथ-साथ दिव्यांग / भूतपूर्व सैनिक स्वंय / स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रितों आदि को भी लाभ मिलेगा।

ज्ञापन देने वालो में भर्ती का नेतृत्व कर रहे अभ्यर्थी तूफ़ान सिंह , आशुतोष वर्मा, अखिल यादव, नवीन चौधरी और शिववीर आदि शामिल रहे।


संबंधित समाचार