हरदोई : भोजन में जहर देकर हत्या की साजिश का आरोप, पत्नी समेत तीन के खिलाफ केस दर्ज
बिलग्राम (हरदोई), अमृत विचार : कोतवाली क्षेत्र के भोलापुरवा नेकपुर नेवादा मजरा धांधामऊ निवासी एक युवक ने अपनी पत्नी समेत तीन लोगों पर भोजन में कथित रूप से जहरीला पदार्थ मिलाकर हत्या का प्रयास करने का आरोप लगाया है। पुलिस अधीक्षक के आदेश पर कोतवाली बिलग्राम पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित संगम कुमार (28) ने पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उसकी शादी 24 नवंबर 2025 को हुई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि शादी से पहले से ही उसकी पत्नी के दो रिश्तेदारों से कथित रूप से संबंध थे। कई बार समझाने के बावजूद स्थिति में कोई बदलाव नहीं आया।
शिकायत के अनुसार, 7 जुलाई 2026 को सुबह करीब 11 बजे उसकी पत्नी ने भोजन तैयार कर उसमें कथित रूप से जहरीला पदार्थ मिलाकर उसे खिला दिया। खाना खाने के कुछ ही देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। आरोप है कि इसी दौरान दोनों आरोपी मौके पर पहुंच गए, उसके साथ मारपीट की और उसकी पत्नी को अपने साथ ले गए।
परिजनों ने गंभीर हालत में उसे मेडिकल कॉलेज हरदोई में भर्ती कराया, जहां 7 जुलाई से 8 जुलाई तक उसका उपचार चला। उपचार के बाद उसकी हालत में सुधार हुआ और वर्तमान में भी वह चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार दवा ले रहा है।
पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक से करते हुए कार्रवाई की मांग की। पुलिस अधीक्षक के आदेश पर कोतवाली बिलग्राम पुलिस ने पत्नी समेत तीन आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि विवेचना में जो भी तथ्य और साक्ष्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें : Kanpur News: सावन से पहले डीएम ने परमत के आनंदेश्वर महादेव मंदिर का किया निरीक्षण, श्रद्धालुओं की सुविधाओं के दिए निर्देश
