Prayagraj News : प्रयागराज में आवारा कुत्तों का आतंक, एक सप्ताह में दर्जनभर लोगों पर हमला, ग्रामीणों में दहशत

Amrit Vichar Network
Edited By Deepak Mishra
On

प्रयागराज के पाठकपुर गांव में आवारा कुत्तों के हमलों से एक सप्ताह में दर्जनभर से अधिक लोग घायल हो गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने एक कुत्ते को मारकर पेड़ से लटका दिया। ग्रामीणों ने प्रशासन से हमलावर कुत्तों को पकड़ने और मृत पशुओं के उचित निस्तारण की मांग की है।

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के खीरी थाना क्षेत्र के पाठकपुर गांव में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। पिछले करीब एक सप्ताह में पांच-छह हमलावर कुत्तों ने महिलाओं और बच्चों समेत एक दर्जन से अधिक ग्रामीणों को घायल कर दिया। लगातार हो रहे हमलों से आक्रोशित ग्रामीणों ने मंगलवार को एक कुत्ते को घेरकर मार डाला और उसे पेड़ से लटका दिया। मामले की सूचना जिला प्रशासन और पुलिस को दे दी गई है।

एक सप्ताह में दर्जनभर से अधिक लोग बने शिकार

ग्रामीणों के अनुसार, हमलावर कुत्तों के डर से लोग घरों से निकलने से घबरा रहे हैं। बच्चों को बाहर खेलने तक नहीं भेजा जा रहा। कुत्तों ने कई लोगों के हाथ, पैर, चेहरा और कान पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।घायलों का प्राथमिक उपचार सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में कराया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल करीब पांच लोगों को प्रयागराज के बेली अस्पताल रेफर किया गया।

घर में घुसकर किया हमला

ग्रामीणों ने बताया कि 19 जुलाई की भोर में एक कुत्ता राघवेंद्र शुक्ला के घर में घुस गया और उन पर हमला कर दिया। उन्हें बचाने पहुंचीं उनकी पत्नी अनुराधा शुक्ला भी घायल हो गईं। इसके अलावा राघव मुरारी शुक्ला, गायत्री देवी वर्मा, इंद्रलाल कुशवाहा, उनकी सात वर्षीय पुत्री समेत कई अन्य ग्रामीण भी कुत्तों के हमले का शिकार हुए। इंद्रलाल की हाथ की उंगलियां गंभीर रूप से जख्मी हो गईं, जबकि राघवेंद्र शुक्ला के चेहरे और राघव मुरारी के सीने व हाथ पर गहरे घाव आए हैं।

मृत पशुओं के कारण आक्रामक हुए कुत्ते: ग्रामीण

ग्रामीणों का आरोप है कि गांव की मुख्य सड़क के पास स्थित गौशाला, तालाब और श्मशान क्षेत्र में मृत पशुओं को खुले में फेंका जाता है। आवारा कुत्ते लंबे समय से इन शवों को नोच-नोचकर खाते रहे हैं, जिससे उनका व्यवहार अत्यधिक आक्रामक हो गया है। उनका कहना है कि यही कुत्ते अब लगातार लोगों पर हमला कर रहे हैं।

प्रशासन से कार्रवाई की मांग

घटनाओं से नाराज ग्रामीणों ने जिलाधिकारी, कोरांव के उपजिलाधिकारी और खीरी थाना पुलिस को ज्ञापन देकर हमलावर कुत्तों को पकड़ने तथा मृत पशुओं के वैज्ञानिक निस्तारण की व्यवस्था करने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो किसी बड़ी जनहानि से इंकार नहीं किया जा सकता। प्रशासन ने मामले की जानकारी मिलने के बाद आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

संबंधित समाचार