रायबरेली: बाबा का पुरवा-बरसीम खेड़ा संपर्क मार्ग बदहाल, बारिश में नंगे पांव चलने को मजबूर ग्रामीण

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

करीब एक किलोमीटर लंबा कच्चा मार्ग वर्षों से जर्जर, स्कूली बच्चों और ग्रामीणों को रोजाना हो रही परेशानी; शिकायतों के बावजूद नहीं हुआ निर्माण।

रायबरेली: शिवगढ़ क्षेत्र की ग्राम पंचायत कोटवा में स्थित बाबा का पुरवा-बरसीम खेड़ा संपर्क मार्ग लंबे समय से बदहाल स्थिति में है। करीब एक किलोमीटर लंबा यह कच्चा मार्ग जर्जर होने के कारण स्कूली छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों को रोजाना आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के मौसम में सड़क की हालत और खराब हो जाती है। कीचड़ और जलभराव के कारण लोगों को कई बार जूते-चप्पल हाथ में लेकर पैदल चलना पड़ता है। गांव आने वाले रिश्तेदार और अन्य लोग भी अपने वाहन दूसरे गांव में खड़े कर नंगे पांव या पैदल गांव तक पहुंचने को मजबूर होते हैं।

ग्रामीणों ने कई बार उठाई सड़क निर्माण की मांग

ग्रामीण रतीपाल, प्यारेलाल, शिवकुमार, सुखमी लाल और वीरेंद्र कुमार सहित अन्य लोगों ने बताया कि इस संपर्क मार्ग पर खड़ंजा या सीसी सड़क बनवाने की मांग कई बार संबंधित अधिकारियों से की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि वर्षों से शिकायतें करने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है।

जांच के बाद समाधान का भरोसा

इस संबंध में शिवगढ़ खंड विकास अधिकारी शिवाकांत वाजपेई ने बताया कि उन्होंने हाल ही में कार्यभार संभाला है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी और रिपोर्ट के आधार पर ग्रामीणों की समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

यह भी पढ़ेंः Jantar Mantar Protest: छात्रों पर पुलिस कार्रवाई मामले में सुप्रीम कोर्ट का दखल देने से इनकार, CJI बोले- 'अदालत का समय बर्बाद न करें'

संबंधित समाचार