Bareilly News : उर्स-ए-रजवी बदली तारीख, अब 6 से 8 अगस्त तक होगा आयोजन
पहले 7 से 9 अगस्त तक उर्स मनाने के जारी हुए थे पोस्टर, उलमा के सुझाव पर दरगाह के बुजुर्गों ने तारीखों में किया बदलाव
सावन सोमवार और कांवड़ यात्रा के मद्देनजर बरेली में उर्स-ए-रजवी की तारीखों में बदलाव किया गया है। अब उर्स का आयोजन 6 से 8 अगस्त तक होगा।
बरेली, अमृत विचार। सुन्नी-बरेलवी मुसलमानों के मरकज दरगाह आला हजरत पर उर्स ए रजवी की तारीखों पर बना असमंजस छंट गया है। सावन के सोमवार को देखते हुए उलमा ने 6 से 8 अगस्त तक उर्स ए रजवी मनाने का प्रस्ताव दिया, जिस पर दरगाह के बुजुर्गों ने अपनी मुहर लगा दी है। उर्स की तारीखों में बदलाव से पुलिस-प्रशासन के साथ आम शहरवासियों को भी बड़ी राहत मिलेगी।
सुन्नी-बरेलवी मुसलमानों का सबसे बड़ा मरकज बरेली है। मरकज के सबसे बड़े रहनुमा, आला हजरत इमाम अहमद रजा खान के 108वें सालाना उर्स के लिए 7 से 9 अगस्त तक की तारीखें तय की गई थीं और पोस्टर भी जारी हुए थे। इसी दौरान सावन के सोमवार को कांवड़ियों की यात्रा देखते हुए इस व्यवस्था में कुछ फेरबदल जरूरी समझा गया। ऐसे में उर्स की तारीखें निर्धारित करने के लिए जमात रजा-ए-मुस्तफा ने उलमा की एक कमेटी बनाई। कमेटी ने तमाम पहलुओं पर विचार करने के बाद 6 से 8 अगस्त तक उर्स मनाने का सुझाव दिया। जमात रजा-ए-मुस्तफा के प्रवक्ता समरान खान के मुताबिक, दरगाह आला हजरत प्रमुख मौलाना सुब्हान रजा खान (सुब्हानी मियां), दरगाह ताजुश्शरिया के सज्जादानशीन मुफ्ती असजद रजा खान (असजद मियां) और दरगाह आला हजरत के सज्जादानशीन मुफ्ती अहसन रजा कादरी (अहसन मियां) ने उलमा द्वारा तय की गई तारीखों पर मुहर लगा दी है। इसी के साथ दरगाह से उर्से रजवी की नई तारीखों का एलान हो गया है।
दुनिया भर के जायरीन को पहुंचाई जा रही सूचना
उर्स-ए-रजवी 7, 8, 9 अगस्त को होना तय हुआ था लेकिन कांवड़ यात्रा और उर्स की तिथियां साथ-साथ पड़ रही हैं। उर्स-ए-रज़वी अमन-ओ-सुकून के साथ सम्पन्न हो इसके मद्देनजर नई तारीखें तय करने को उलेमा का 8 सदस्यीय पैनल बनाया गया था। उधर कल देर रात अपर जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक नगर आदि ने दरगाह पहुंच कर दरगाह प्रमुख सुब्हानी मियां और काज़ी-ए-हिंदुस्तान मुफ्ती असजद मियां से मिलकर उर्स-ए-रजवी की तिथियों में परिवर्तन का अनुरोध किया। मीडिया प्रभारी नासिर कुरैशी ने बताया कि तारीखों में बदलाव की सूचना दुनिया भर के जायरीन को सोशल मीडिया के माध्यम से पहुंचाई जा रही है। ताकि जिन जायरीन ने अपनी तैयारी 7, 8, 9 अगस्त के हिसाब से की थी वे 6, 7 व 8 अगस्त यानि गुरुवार, शुक्रवार और शनिवार के हिसाब से उर्स में पहुंचने की तैयारी करें। उर्स के तैयारियों में टीटीएस के वालंटियर्स जिसमें शाहिद नूरी,परवेज़ नूरी, अजमल नूरी, औरंगज़ेब नूरी, नासिर कुरैशी, ताहिर अल्वी, शान रजा, मंज़ूर रजा आदि लगे हैं।
जमात की बैठक में ये रहे शामिल
जमात रजा-ए-मुस्तफा ने उर्स को लेकर बैठक की। डॉ. मेहंदी हसन, हाफिज इकराम रजा खां, मोईन खां, शमीम अहमद, समरान खान, यासीन खां, कौसर अली, मौलाना इंतजार अहमद, अब्दुल्लाह रजा खां, दानिश रजा, बख्तियार खां, शाहबुद्दीन रजवी आदि मौजूद रहे।
