Gonda News : बेटे की मौत पर कार्रवाई न होने से आहत महिला ने पुलिस कार्यालय में किया आत्मदाह का प्रयास, जांच के लिए CMO को भेजी गई तहरीर
गोंडा। उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में स्थित पुलिस कार्यालय परिसर में बुधवार को एक महिला ने अपने ऊपर मिट्टी का तेल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। मौके पर मौजूद महिला पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे रोक लिया। अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) राधेश्याम राय ने बताया कि मनकापुर कोतवाली क्षेत्र निवासी रुपाली (35) के नौ वर्षीय पुत्र की नवंबर 2025 में एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मृत्यु हो गई थी।
महिला का आरोप है कि उसके पुत्र की मौत चिकित्सकीय लापरवाही के कारण हुई और वह इस मामले में संबंधित चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रही थी। उन्होंने बताया कि महिला का कहना है कि लंबे समय से शिकायत करने के बावजूद उसके प्रकरण में कोई समुचित कार्रवाई नहीं की गई, जिससे क्षुब्ध होकर उसने पुलिस कार्यालय परिसर में अपने ऊपर मिट्टी का तेल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया।
एएसपी ने बताया कि मौके पर मौजूद महिला पुलिसकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद महिला को काबू में कर लिया और किसी अप्रिय घटना को होने से बचा लिया। पुलिस ने महिला से पूछताछ के बाद संबंधित चिकित्सक के खिलाफ उसकी तहरीर लेकर मामले की जांच के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) को भेज दी है। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
