Sultanpur News: शिक्षकों के लिए खुशखबरी, पांच लाख तक मुफ्त इलाज की सुविधा, मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना लागू
सुल्तानपुर में मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ हुआ। योजना के तहत शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों और शिक्षा कर्मियों को सूचीबद्ध अस्पतालों में 5 लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी।
सुल्तानपुर, अमृत विचार। जिले के शिक्षकों और शिक्षा कर्मियों के लिए बड़ी राहत लेकर आई मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का बुधवार को कलेक्ट्रेट के नवीन सभागार में शुभारंभ किया गया। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम राज्य मंत्री हंस राज विश्वकर्मा ने योजना का उद्घाटन करते हुए कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माण की सबसे मजबूत कड़ी हैं और उनकी स्वास्थ्य सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है।
राज्य मंत्री ने कहा कि इस योजना के तहत पात्र शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक, रसोइये सहित शिक्षा विभाग के कर्मचारी और उनके आश्रितों को सूचीबद्ध अस्पतालों में पांच लाख रुपये तक कैशलेस उपचार की सुविधा मिलेगी। इससे गंभीर बीमारी की स्थिति में आर्थिक बोझ काफी हद तक कम होगा।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी, जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह, मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह समेत शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान वाराणसी में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से मुख्यमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण भी दिखाया गया। बाद में 20 पात्र लाभार्थियों को प्रतीकात्मक कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए गए।
जिले के 15,658 शिक्षा कर्मियों को मिलेगा लाभ
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उपेंद्र गुप्ता ने बताया कि जिले में कुल 15,658 शिक्षा कर्मियों को इस योजना का लाभ मिलेगा। इनमें 7,510 शिक्षक, 2,117 शिक्षामित्र, 445 अनुदेशक, 237 कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के कार्मिक, 68 स्पेशल एजुकेटर तथा 5,281 मध्याह्न भोजन रसोइये शामिल हैं। उन्होंने बताया कि योजना का शुभारंभ जिले की सभी तहसीलों में भी किया गया।
इस अवसर पर एसबीआई के रीजनल मैनेजर सुदीप गुप्ता ने बेसिक शिक्षा विभाग और बैंक के बीच हुए एमओयू की जानकारी देते हुए शिक्षकों के लिए उपलब्ध कराई जा रही सामाजिक सुरक्षा संबंधी सुविधाओं पर प्रकाश डाला। प्राथमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने योजना का स्वागत करते हुए इसे शिक्षक हित में ऐतिहासिक पहल बताया।
बल्दीराय में भी वितरित किए गए स्वास्थ्य कार्ड
विंदेश्वरीगंज : बल्दीराय विकासखंड में भी मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ किया गया। ब्लॉक प्रमुख शिवकुमार सिंह ने पात्र शिक्षकों और शिक्षा कर्मियों को स्वास्थ्य कार्ड वितरित किए। प्रथम चरण में बल्दीराय और धनपतगंज के 10-10 शिक्षकों को कार्ड प्रदान किए गए।
योजना के तहत शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक, रसोइये तथा शिक्षा विभाग के अन्य कर्मचारी और उनके परिवार सूचीबद्ध अस्पतालों में 5 लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। कार्यक्रम के दौरान डायट वाराणसी में वरिष्ठ प्रवक्ता नियुक्त होने पर अरविंद यादव का भी सम्मान किया गया।
