UP TET एग्जाम के लिए रेलवे चलाएगा स्पेसला ट्रेन, देख लीजिए रूट और टाइम

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचारः उप्र. शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी-2026) गुरुवार से शुरू होगी। परीक्षा 2 से 4 जुलाई तक प्रदेश के 60 जिलों में बनाए गए 955 परीक्षा केंद्रों पर पांच पालियों में आयोजित की जाएगी। इसमें 19.94 लाख से अधिक अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा की निगरानी एआई आधारित सीसीटीवी कैमरों और इंटीग्रेटेड कमांड कंट्रोल रूम के माध्यम से की जाएगी। 

यूपीटीईटी परीक्षा-2026 में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल 2 और 3 जुलाई को आठ विशेष अनारक्षित परीक्षा स्पेशल ट्रेनों के संचालन करेगा। नई दिल्ली के लिए ट्रेन संख्या 04201 शाम 5:45 बजे और प्रयागराज संगम के लिए ट्रेन संख्या 04202 शाम 6:10 बजे लखनऊ से रवाना होगी।

दिल्ली जाने वाले ट्रेन का ठहराव बालामाऊ, हरदोई, शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद, गजरौला, हापुड़, गाजियाबाद और प्रयागराज जाने वाली ट्रेन का ठहराव बछरावां, रायबरेली, गौरीगंज, अमेठी, प्रतापगढ़, मऊ आइमा, फाफामऊ सहित प्रमुख स्टेशनों पर हेगा।

इसके अलावा वाराणसी से जौनपुर के लिए ट्रेन संख्या 04205 दोपहर 1:30 बजे और 04221 शाम 6:45 बजे चलेगी। वाराणसी से गया के लिए ट्रेन संख्या 04208 शाम 6:30 बजे रवाना होगी, जिसका ठहराव पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, भभुआ रोड, सासाराम, डेहरी ऑन सोन और अनुग्रह नारायण रोड सहित प्रमुख स्टेशनों पर होगा।

वहीं जौनपुर से वाराणसी के लिए 04218, 04220 तथा प्रयागराज संगम के लिए 04207 का भी संचालन किया जाएगा। उत्तर रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले एनटीईएस ऐप, रेलवे हेल्पलाइन 139 या निकटतम स्टेशन से ट्रेन की अद्यतन स्थिति अवश्य सत्यापित कर लें।

लखनऊ से गोरखपुर परीक्षा स्पेशल ट्रेन आज से चलेगी

उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी) परीक्षार्थियों के लिए पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल 2 से 4 जुलाई तक गोरखपुर से लखनऊ तक एक जोड़ी अनारक्षित परीक्षा स्पेशल ट्रेन चलाएगा। 05031 गोरखपुर-लखनऊ जंक्शन अनारक्षित परीक्षा विशेष ट्रेन 2 से 4 जुलाई तक प्रतिदिन गोरखपुर से शाम 6:30 बजे रवाना होगी। खलीलाबाद, बस्ती, बभनान, मनकापुर, गोंडा, करनैलगंज, बाराबंकी और बादशाहनगर होते हुए अगले दिन रात 12:35 बजे लखनऊ जंक्शन पहुंचेगी।

वापसी में 05032 ट्रेन लखनऊ जंक्शन से 2 से 4 जुलाई तक प्रतिदिन रात 1:30 बजे प्रस्थान करेगी। यहां से चलकर बादशाहनगर, बाराबंकी, करनैलगंज, गोंडा, मनकापुर, बभनान, बस्ती और खलीलाबाद होते हुए सुबह 7:30 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। विशेष ट्रेन में सामान्य द्वितीय श्रेणी/शयनयान श्रेणी के 10 और एसएलआर के 2 सहित कुल 12 अनारक्षित कोच हाेंगे।

सिटी बसों के बढ़ाए जाएंगे फेरे

तीन दिवसीय टीईटी परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए अन्य जिलों के लिए रोडवेज व लखनऊ में अतिरिक्त सिटी बसें चलाई जाएंगी। ये व्यवस्था दो जुलाई से तीन दिनों तक रहेगी। क्षेत्रीय प्रबंधक विमल राजन ने बताया कि अतिरिक्त बसों का संचालन आलमबाग, कैसरबाग और अवध बस स्टेशन से किया जाएगा। लखनऊ में परीक्षा शुरू होने से पहले और समाप्ति के बाद सिटी बसों के फेरे बढ़ाए जाएंगे। सभी चालकों को परीक्षा केंद्रों का रूट मैप उपलब्ध करा दिया गया है। बस अड्डों पर हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं। जिन पर परीक्षार्थियों को रोडवेज और सिटी बसों के संचालन, मार्ग और परीक्षा केंद्र तक पहुंचने संबंधी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।

यूपी टीईटी परीक्षा 46 केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त

उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपी टीईटी-2026) को सकुशल संपन्न कराने के लिए कमिश्नरेट पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। तीन दिनों तक चलने वाली परीक्षा 2, 3 और 4 जुलाई को शहर के 46 परीक्षा केंद्रों पर होगी। इसमें कुल 96,454 अभ्यर्थी शामिल होंगे। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक उपनिरीक्षक, दो पुलिसकर्मी और दो महिला पुलिसकर्मियों की तैनात किया गया है। गोपनीय प्रश्नपत्रों की सुरक्षा के लिए अलग से सशस्त्र पुलिस बल लगाया गया है। परीक्षा ड्यूटी में 332 पुलिसकर्मी लगाए गए हैं।

जेसीपी कानून एवं व्यवस्था बबलू कुमार ने बताया कि परीक्षा के दौरान केंद्रों पर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। सभी परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर दायरे में साइबर कैफे, फोटोकॉपी और पीसीओ बंद रहेंगे। ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग पर भी रोक रहेगी। सोशल मीडिया पर अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं की निगरानी के लिए विशेष टीम लगातार सक्रिय रहेगी। सुरक्षा के लिहाज से 46 उपनिरीक्षक, हेड कांस्टेबल 92, महिला कांस्टेबल 92 और गोपनीय सामग्री की ड्यूटी के लिए सशस्त्र 92 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।

रेलवे स्टेशन, बस अड्डों, मेट्रो स्टेशनों, टैक्सी स्टैंड और परीक्षा केंद्रों के आसपास अतिरिक्त यातायात पुलिस तैनात रहेगी। परीक्षा दिवस पर सुबह सात बजे से परीक्षा समाप्त होने तक थाना प्रभारी और यातायात अधिकारी लगातार भ्रमण करेंगे। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए यूपी-112 की गाड़ियां परीक्षा केंद्रों के निकट तैनात रहेंगी। महिला अभ्यर्थियों की सुरक्षा के लिए पिंक पेट्रोल और एंटी रोमियो स्क्वॉड भी सक्रिय रहेगा।

ये भी पढ़ें  : 
रामपुर-बदायूं के 26 केंद्रों पर यूपी टीईटी की परीक्षा आज, नकलविहीन परीक्षा के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम

 

संबंधित समाचार